भीषण गर्मी के बीच अगर आप कश्मीर की ठंडी वादियों में छुट्टियां बिताने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए शानदार मौका है। Indian Railway Catering and Tourism Corporation यानी IRCTC पर्यटकों के लिए खास एयर टूर पैकेज ‘जन्नत-ए-कश्मीर’ लेकर आया है। इस पैकेज में फ्लाइट टिकट, होटल, हाउसबोट में ठहरना और खाने-पीने की सुविधा शामिल रहेगी। यह टूर पैकेज 5 रात और 6 दिनों का होगा। यात्रा 20 जून 2026 से शुरू होकर 25 जून 2026 तक चलेगी। यात्रियों को लखनऊ से श्रीनगर तक फ्लाइट के जरिए ले जाया जाएगा, ताकि सफर आरामदायक और कम समय में पूरा हो सके।
इन खूबसूरत जगहों की कराई जाएगी सैर
IRCTC के इस टूर पैकेज में कश्मीर की कई प्रसिद्ध और खूबसूरत जगहों को शामिल किया गया है। पर्यटक श्रीनगर, गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसी शानदार लोकेशंस पर घूम सकेंगे। इसके अलावा डल झील, अरु वैली, बेताब घाटी, चंदनवारी और खिलनमर्ग जैसी प्राकृतिक जगहों का आनंद भी मिलेगा। धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों में शंकराचार्य मंदिर, हजरतबल दरगाह, चश्मेशाही, शालीमार बाग और निशात बाग भी यात्रा का हिस्सा होंगे।
होटल, हाउसबोट और खाने की पूरी व्यवस्था
टूर के दौरान पर्यटकों को थ्री-स्टार होटलों में ठहराया जाएगा। साथ ही डल झील की मशहूर हाउसबोट में रहने का अनुभव भी मिलेगा। पूरे टूर के दौरान खाने-पीने की सुविधा पैकेज में शामिल रहेगी। हालांकि गुलमर्ग की मशहूर गोंडोला केबल कार राइड का टिकट अलग से खरीदना होगा।
कितना है टूर पैकेज का किराया?
IRCTC ने यात्रियों की सुविधा के अनुसार अलग-अलग पैकेज कीमत तय की है:
सिंगल ऑक्यूपेंसी: ₹68,800
डबल शेयरिंग: ₹52,300 प्रति व्यक्ति
ट्रिपल शेयरिंग: ₹49,950 प्रति व्यक्ति
बच्चे (बेड के साथ): ₹41,100
बच्चे (बिना बेड): ₹36,800
ऐसे करें बुकिंग
IRCTC के मुताबिक यह बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर होगी। इच्छुक यात्री ऑनलाइन IRCTC Tourism Website पर जाकर बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा लखनऊ के गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन कार्यालय में जाकर भी पैकेज बुक कराया जा सकता है।