सरकारी तेल कंपनियों हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने देश में बढ़ते LPG डिलीवरी स्कैम को लेकर उपभोक्ताओं को सतर्क किया है। जालसाज खुद को गैस डिलीवरी एजेंट बताकर ग्राहकों से OTP और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) मांग रहे हैं। फर्जी SMS और WhatsApp मैसेज के जरिए लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
KYC अपडेट के नाम पर भी फ्रॉड
कई मामलों में कॉल करने वाले खुद को गैस एजेंसी अधिकारी बताकर KYC अपडेट या आधार लिंकिंग के नाम पर OTP मांग रहे हैं, जिससे साइबर ठगी की घटनाएं बढ़ रही हैं।
कंपनियों की सख्त गाइडलाइन
HPCL ने साफ किया है कि OTP केवल डिलीवरी के समय ही उपयोग होगा और कभी भी फोन कॉल या मैसेज के जरिए नहीं मांगा जाएगा। IOCL ने ग्राहकों से कहा है कि 6 अंकों का DAC केवल डिलीवरी व्यक्ति के सामने ही साझा करें। वहीं BPCL ने भी केवल डिलीवरी के समय OTP साझा करने की सलाह दी है।
आधिकारिक ऐप से ही करें बुकिंग
तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक ऐप जैसे HP Pay, IndianOil ONE और Hello BPCL के माध्यम से ही बुकिंग और अपडेट करें। अनजान लिंक और व्हाट्सएप मैसेज से सावधान रहने की अपील की गई है।
साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत करें शिकायत
यदि कोई व्यक्ति गलती से OTP या जानकारी साझा कर देता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है ताकि धन की रिकवरी की संभावना बढ़ सके।