वैश्विक संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच देश में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। पिछले 10 दिनों में ईंधन की कीमतों में लगभग 5 रुपए प्रति लीटर तक इजाफा हो चुका है।
दिल्ली से मुंबई तक बढ़े ईंधन के दाम
नई बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपए प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
अन्य महानगरों में पेट्रोल के दाम इस प्रकार हैं:
- मुंबई : 108.49 रुपए प्रति लीटर
- कोलकाता : 110.64 रुपए प्रति लीटर
- चेन्नई : 105.31 रुपए प्रति लीटर
वहीं डीजल के दाम:
- मुंबई : 95.02 रुपए प्रति लीटर
- चेन्नई : 96.98 रुपए प्रति लीटर
- कोलकाता : 97.02 रुपए प्रति लीटर
- 10 दिनों में तीसरी बार बढ़े दाम
15 मई को तेल कंपनियों ने पहली बार प्रति लीटर 3 रुपए की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद 19 मई को 80 पैसे से ज्यादा कीमत बढ़ाई गई थी। अब तीसरी बार हुई बढ़ोतरी से आम लोगों पर महंगाई का दबाव और बढ़ गया है।
पश्चिम एशिया संकट का असर
सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण ईंधन महंगा हुआ है। ब्रेंट क्रूड लंबे समय तक 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना रहा, जिससे दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं पर असर पड़ा।
भाजपा नेताओं ने किया फैसले का बचाव
अमित मालवीय समेत भाजपा नेताओं ने तेल कीमतों में बढ़ोतरी का बचाव करते हुए कहा कि वैश्विक हालात के बावजूद भारत में आम लोगों पर अपेक्षाकृत कम बोझ पड़ा है। नेताओं का दावा है कि दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में भारत ने ईंधन कीमतों को नियंत्रित रखने की कोशिश की है।