नई दिल्ली- क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले करोड़ों ग्राहकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नियमों में अहम बदलाव करते हुए यूजर्स को अतिरिक्त समय और कम चार्ज का फायदा देने का फैसला किया है। अब अगर आप क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर नहीं चुका पाते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं होगी।
तीन दिन का एक्स्ट्रा समय मिलेगा
नए नियमों के तहत आपको भुगतान की तय तारीख के बाद भी तीन दिन का एक्स्ट्रा समय मिलेगा, जिसमें बिना किसी पेनल्टी के बिल जमा किया जा सकेगा। यह बदलाव खास तौर पर उन लोगों के लिए राहत लेकर आया है, जो कभी-कभी ड्यू डेट मिस कर देते हैं और भारी जुर्माने का सामना करते हैं।
तुरंत लेट फीस नहीं लगेगी
RBI के नए नियम के अनुसार, तय तारीख निकलने के बाद तुरंत लेट फीस नहीं लगेगी। ग्राहकों को तीन दिन का एक्स्ट्रा समय दिया जाएगा। उदाहरण के तौर पर, अगर आपकी ड्यू डेट 5 तारीख है, तो आप 8 तारीख तक बिना किसी पेनल्टी के भुगतान कर सकते हैं।
अब लेट फीस केवल बकाया राशि पर ही लगेगा
एक और बड़ा बदलाव यह है कि अब लेट फीस केवल बकाया राशि पर ही लगेगा, पूरी बिल राशि पर नहीं। इससे ग्राहकों पर एक्स्ट्रा आर्थिक बोझ कम होगा और भुगतान करना आसान होगा। हालांकि, तीन दिन की अवधि खत्म होने के बाद भी भुगतान नहीं करने पर इसे बकाया माना जाएगा। इससे आपके क्रेडिट स्कोर पर नेगेटिव असर पड़ सकता है, इसलिए समय रहते भुगतान करना जरूरी है।