देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India (SBI) के ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। 23 मई से 28 मई 2026 के बीच बैंक शाखाओं का कामकाज लगातार प्रभावित रह सकता है। इसकी वजह चौथा शनिवार, रविवार, कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद की छुट्टियां हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे बैंक से जुड़े जरूरी काम आज ही निपटा लें।
क्यों बंद रह सकती हैं SBI की शाखाएं
23 मई को महीने का चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 25 और 26 मई को SBI कर्मचारियों की प्रस्तावित दो दिन की हड़ताल का असर देखने को मिल सकता है। वहीं 27 और 28 मई को बकरीद (ईद-उल-अजहा) के चलते अलग-अलग राज्यों में बैंक अवकाश रहेगा। कुछ राज्यों में 27 मई और कुछ जगहों पर 28 मई को छुट्टी घोषित की गई है। जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन बैंक बंद रह सकते हैं।
SBI कर्मचारी क्यों कर रहे हैं हड़ताल
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने अपनी 16 मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। संघ की प्रमुख मांगों में नई भर्तियां, आउटसोर्सिंग पर रोक, पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति, पेंशन और मेडिकल सुविधाओं में सुधार, इंटर सर्कल ट्रांसफर और कर्मचारियों पर बढ़ते काम के दबाव को कम करना शामिल है।
किन सेवाओं पर पड़ेगा असर
हड़ताल मुख्य रूप से क्लर्क और अन्य स्टाफ से जुड़ी है, इसलिए चेक क्लियरिंग, कैश काउंटर, पासबुक अपडेट और शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि ATM, UPI और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी।
ग्राहकों को क्या करना चाहिए
बैंकिंग विशेषज्ञों के अनुसार जिन ग्राहकों को कैश जमा, चेक क्लियरिंग, ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट या अन्य शाखा संबंधी काम कराने हैं, उन्हें 23 मई से पहले ही अपने जरूरी काम निपटा लेने चाहिए।