अमेरिका और ईरान के बीच संभावित टकराव टलने के असर से मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में मजबूती देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बाजार हरे निशान में खुला और चौतरफा खरीदारी दर्ज की गई।
सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त
सुबह 9:18 बजे सेंसेक्स 347 अंक या 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,664 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 86 अंक या 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,736 पर पहुंच गया।
आईटी सेक्टर ने संभाली बाजार की कमान
शुरुआती कारोबार में आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखी गई। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा। इसके अलावा FMCG, फार्मा, बैंकिंग, एनर्जी, हेल्थकेयर और इंफ्रा सेक्टर में भी तेजी रही। हालांकि मेटल, प्राइवेट बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में हल्की कमजोरी देखने को मिली।
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी
बाजार में सिर्फ लार्जकैप ही नहीं बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूती दिखी। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 360 अंक की तेजी के साथ 60,833 पर पहुंचा, जबकि स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 91 अंक बढ़कर 17,747 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक संकेत और कच्चे तेल में गिरावट
बाजार में तेजी की प्रमुख वजह अमेरिका की ओर से ईरान पर हमले को टालना और तनाव में कमी मानी जा रही है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में भी नरमी आई है। ब्रेंट क्रूड और WTI क्रूड दोनों में गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला, जबकि अमेरिकी बाजार सोमवार को मिश्रित बंद हुए थे।