शेयर बाजार में मंगलवार, 9 जून को मजबूती देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 100 अंकों की तेजी के साथ 73,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी लगभग 50 अंक चढ़कर 23,200 के स्तर पर पहुंच गया है। आज के कारोबार में ऑटो और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिल रही है।
ऑटो और रियल्टी शेयरों में दिखी मजबूती
निवेशकों की खरीदारी के चलते निफ्टी ऑटो और रियल्टी इंडेक्स में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई। बाजार में सकारात्मक रुख से कई प्रमुख कंपनियों के शेयरों में भी उछाल देखने को मिला।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में मंगलवार को मिश्रित कारोबार देखने को मिला।
दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 3.79% की तेजी के साथ 7,716 पर पहुंच गया।
जापान का निक्केई इंडेक्स 0.98% चढ़कर 64,654 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
वहीं हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.58% की गिरावट के साथ 24,513 पर रहा।
अमेरिकी बाजारों में रहा मिला-जुला कारोबार
सोमवार को अमेरिकी बाजारों में भी मिश्रित रुख देखने को मिला। डाउ जोन्स 81 अंक टूटकर 50,786 पर बंद हुआ। नैस्डैक 220 अंक की बढ़त के साथ 25,930 पर पहुंच गया। एसएंडपी 500 इंडेक्स 22 अंक चढ़कर 7,406 के स्तर पर बंद हुआ।
विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली
8 जून को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 5,556 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 5,165 करोड़ रुपये की खरीदारी की। पिछले 30 दिनों में DIIs ने 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की खरीदारी की है, जबकि FIIs की ओर से 81,561 करोड़ रुपये की बिकवाली दर्ज की गई है।
सोमवार को बाजार में रही थी बड़ी गिरावट
इससे पहले 8 जून को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 719 अंक टूटकर 73,524 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 244 अंक फिसलकर 23,123 के स्तर पर बंद हुआ था।