Bhopal: राजधानी में बुधवार को माह-ए-रमजान (Ramadan 2023) का चांद दिखाई नहीं दिया। इस लिहाज से अब इस महीने की शुरुआत शुक्रवार से होगी। इससे पहले गुरुवार रात से रमजान माह की विशेष नमाज तरावीह की शुरुआत हो जाएगी। बुधवार शाम को मोती मस्जिद में चांद देखने के लिए जुटी रूअते हिलाल कमेटी के मुखिया शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने इसका ऐलान किया।
सऊदी अरब में गुरूवार से हो रही रमजान की शुरूआत
सऊदी अरब में मंगलवार को चांद देखने की रस्म अदा की गई थी, लेकिन इस दौरान चांद नजर न आने से वहां रमजान माह (Ramadan 2023) की शुरुआत गुरुवार से हो रही है। आमतौर पर भारत में रमजान की शुरुआत सऊदी अरब से एक दिन बाद ही होती है। जिसके मुताबिक ये तय माना जा रहा था कि यहां बुधवार को चांद नजर नहीं आएगा। शुक्रवार से शुरू होने वाले रमजान माह के लिहाज से ही लोगों ने तैयारियों को गति दे रखी है।
बाजारों में भारी भीड़
रमजान माह की खरीदी के लिए लोगों की बाजार दौड़ पिछले एक सप्ताह से जारी है। जहां लोग रमजान माह के लिए कपड़ों आदि की खरीदी करते दिखाई दे रहे हैं, वहीं सेहरी और इफ्तार के लिए खानपान की वस्तुएं भी वे खरीद रहे हैं। पुराने भोपाल के इब्राहिमपुरा, नदीम रोड, काजी कैंप, लक्ष्मी टॉकीज, जुमेराती, इतवारा, मंगलवार, जहांगीराबाद आदि इलाकों में कई अस्थाई दुकानें भी सज गई हैं।
इतने घंटे तक चलेगा पहला रोजा
शुक्रवार से शुरू होने वाले रोजे के लिए पहली सेहरी गुरुवार रात को होगी। सुबह 5 बजकर 07 मिनट पर शुरू होने वाला रोजा शाम को 6 बजकर 43 मिनट पर इफ्तार किया जाएगा। इस लिहाज से पहला रोजा 13 घंटे 36 मिनट का होगा। इसके बाद सेहरी के वक्त में होती कमी और इफ्तार के समय में होते इजाफे के साथ 22 अप्रैल को होने वाला आखिरी रोजा 14 घंटे 17 मिनट पर पूरा होगा।
Comments (0)