कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बोल एक बार फिर से बिगड़े हैं। एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने बीजेपी और राष्ट्रीय RSS पर विवादस्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, पहले चड्ढी छाप हुआ करते थे, अब पेटीकोट छाप आ गए हैं। इन लोगों को धर्म से कोई मतलब नहीं है। यह केवल अपनी गंदी राजनीति करने आये हैं।
बीजेपी को धर्म से कुछ लेना-देना नहीं था, इनको मस्जिद तोड़ना था
एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि, इस देश की संस्कृति, इतिहास, इस देश के संस्कार को समझो। पहले चड्डीछाप, अब पेटीकोट छाप जो आ गए हैं। कांग्रेस नेता ने आगे बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये धर्म नहीं है। कहते हैं 500 साल की गुलामी, भगवान राम को ले आए। अरे नालायकों, तुमसे नीरव मोदी नहीं लाया गया, विजय माल्या नहीं लाया गया, तुम भगवान राम को ले आओगे। कहते थे रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। मस्जिद तोड़कर बनाएंगे। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि, इन्हें धर्म से कुछ लेना-देना नहीं था, इनको मस्जिद तोड़ना था।
महिला के साथ दुर्व्यवहार को लेकर भी चर्चा में
वहीं ग्वालियर में एक महिला के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर भी दिग्विजय सिंह चर्चा में छाए हुए हैं। दरअसल, बुधवार सुबह दिग्विजय सिंह ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित एक निजी होटल में अपने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान दिग्विजय सिंह जब एक तरफ खड़े होकर कांग्रेस के भिंड जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा से बात कर रहे थे। उसी वक्त एक महिला दिग्विजय सिंह से मिलने के लिए आगे बढ़ गईं। यह देखकर दिग्विजय सिंह के गार्ड ने उसे रोक दिया और उन्हें वहां से जाने के लिए कह दिया। महिला को नजदीक आते देख दिग्विजय सिंह भी भड़क गए। उन्होंने कह दिया कि यह औरत पागल हो गई है, इसे बाहर निकालो। दिग्विजय सिंह के गार्डों ने उसे वहां से बाहर कर दिया।
Comments (0)