केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार के 20 साल की रिपोर्ट पेश करने पर कांग्रेस ने उसे झूठ और लूट का रिपोर्ट कार्ड करार दिया है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, विधायक जीतू पटवारी और विधायक तरुण भनोत ने अमित शाह और शिवराज सिंह पर सवालों की झड़ी लगा दी।
जो फेल हो गया, उसका रिपोर्ट कार्ड कौन पढ़ेगा
उन्होंने कहा कि, मध्यप्रदेश फेल्ड स्टेट की श्रेणी में आता है। जो फेल हो गया, उसका रिपोर्ट कार्ड कौन पढ़ेगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रिपोर्ट कार्ड जारी कर राज्य के नेताओं को साइड लाइन में जाने का इशारा कर दिया है। कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि, देश के गृहमंत्री अमित शाह ने गर्त में डूबे मप्र के विकास का एक झूठा रिपोर्ट कार्ड जारी कर अपनी भारी आवाज में झूठे आंकड़ों के पैबंद से ढ़कने की कोशिश की है। क्योंकि जब बीजेपी झूठ बोलती है, तो आवाज भारी कर लेती है और फिर अगले झूठ की तैयारी कर लेती है। भारतीय जनता पार्टी संविधान विरोधी है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद ने कहा कि, संविधान से हम चलते हैं।
वह नया संविधान बनाने की बात कहें
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि, अभी पीएम के इकोनामिक एडवाइजर ने बोल दिया कि, अब समय आ गया है नया संविधान बनाने का। अब वह नया संविधान लाना चाहते हैं। उस संविधान में एससी-एसटी, ओबीसी, माइनॉरिटी की कोई जगह नहीं होगी। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि, मैं विवेक देव रॉय के उस आर्टिकल की निंदा करता हूं। पीएम मोदी के आर्थिक सलाहकार को यह अधिकार किसने दिया था कि, वह नया संविधान बनाने की बात कहें।
एक भी पैसा खर्च नहीं किया गया
इसके साथ ही कांग्रेस के इन नेताओं ने आगे कहा कि, केंद्र की मोदी सरकार के प्रदेश को खूब पैसा देने के दावे को भी झूठा करार दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, अप्रैल 2023 से अगस्त 2023 तक पिछले 5 महीने में मात्र 5 प्रतिशत राशि ही खर्च की गई है। शिवराज सरकार पर बरसते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, महिला एवं बाल विकास विभाग की कुल 17 योजनाएं हैं, जिसमें एक भी पैसा खर्च नहीं किया गया। चिकित्सा शिक्षा विभाग की केंद्र प्रायोजित योजना की कुल 12 योजनाएं है और इनमें एक भी पैसा खर्च नहीं किया गया।
Comments (0)