MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने पहुंचे। सीएम मोहन शिवराज सिंह चौहान के सरकारी बंगले श्यामला हिल्स पहुंचे। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कैबिनेट की बैठक में शामिल होने मंत्रालय निकले।
मुलाकात को अहम माना जा रहा
मंत्रियों के विभागों के बंटवारे से पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच मुलाकात को अहम माना जा रहा है। मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में उनके पसंद के मंत्रियों को अहम मंत्रालय मिलने की चर्चा है। बताया जाता है कि डॉ मोहन यादव ने पूर्व सीएम शिवराज से मंत्रालय को लेकर चर्चा की है।
कैबिनेट की पहली बैठक आज मंत्रालय में होगी
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मोहन कैबिनेट की पहली बैठक आज मंत्रालय में होगी। इसमें मंत्रियों का अधिकारियों से परिचय कराया जाएगा। 18 विधायक पहली बार मंत्री बने हैं। बैठक में अपर मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। आज सुबह सीएम मोहन यादव ने पूर्व मुख्यकमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों के साथ बैठक में संकल्प पत्र को प्राथमिकता में रखकर लक्ष्य की पूर्ति के संबंध में चर्चा करेंगे।
नई सरकार के पास दो महीने का वक्त
अगले साल 2024 मार्च में लोकसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है, ऐसे में नई सरकार के पास काम करने के लिए अब केवल दो महीने का समय है। भाजपा के संकल्प पत्र की घोषणाओं को पूरा किया जाएगा। माना जा रहा है कि जल्द ही मंत्रियों को विभागों का बंटवारा भी किया जा सकता है।
Comments (0)