मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर कांग्रेस को मात दी है। प्रदेश में बीजेपी ने 163 से ज्यादा सीटों में बढ़त बनाई। वहीं कांग्रेस ने तकरीबन 60 सीटों पर जीत दर्ज की है। बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता का धन्यवाद किया है। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा- आज अपने साढ़े 9 करोड़ जनता के परिवार को प्रणाम करता हूं। एक असाधारण और अभूतपूर्व विजय उनके आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी को मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अटूट विश्वास और अटल श्रद्धा की यह विजय है।
विकास की विजय है
यह विजय भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने जो काम किए हैं मध्यप्रदेश को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए, उस विकास की विजय है। यह विजय समाज के हर वर्ग के जो कल्याण के काम किए हैं गरीब कल्याण, किसान कल्याण, भांजे भांजियों के कल्याण के काम और माता और बहनों के सशक्तिकरण का अभियान जो चला इसकी एक कड़ी थी लाडली बहना योजना, यह उन कामों की जीत है। यह अटल विश्वास है मध्यप्रदेश की साढ़े 9 करोड़ जनता का भारतीय जनता पार्टी पर। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी हृदय से आभार प्रकट करता हूं।
मैं प्रधानमंत्री को भी प्रणाम करता हूं - सीएम शिवराज
सीएम शिवराज ने आगे कहा, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने चमत्कार किया है। मैं प्रधानमंत्री को भी प्रणाम करता हूं। हमारे अचूक रणनीतिकार अमित शाह को मैं आभार प्रकट करता हूं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मार्गदर्शन, हमारे चुनाव के प्रभारी भूपेंद्र यादव का परिश्रम और योजना, परिवार के मुखिया की तरह शिव प्रकाश का प्यार और मार्गदर्शन, अश्विनी वैष्णव का स्नेहपूर्ण समर्थन और इसके साथ-साथ हमारा प्रदेश का नेतृत्व, हमारे सारे नेता हम सब मिलकर चुनाव लड़े। हमारे प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में, हमारे संगठन महामंत्री हितानंद के नेतृत्व में, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जुटे रहे।
सभी वर्गों के भाई और बहनों के प्रति आभार प्रकट करता हूं
मेरे भांजे भांजियों का ऐसा प्रेम मिलता था जो मामा कह कर पुकारते थे तो रोम-रोम पुलकित हो जाता था। यह उन भांजे और भांजियों की प्रेम की विजय है। मैं प्रदेश के समाज के सभी वर्गों के भाई और बहनों के प्रति आभार प्रकट करता हूं। धन्यवाद देता हूं। कई बार मुझे लगता नहीं है कि धन्यवाद किसको दूं क्योंकि सभी तो अपने हैं। लेकिन फिर भी धन्यवाद उन्होंने विश्वास बनाकर रखा भारतीय जनता पार्टी और हमारा संकल्प है जान भले ही चली जाए इस विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे।
Comments (0)