रायपुर: शारदीय नवरात्र शुरू होते ही छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बाजारों में महंगाई का असर दिखाई देने लगा है। व्रत के लिए फलों और देवी पूजन के लिए फूलों की मांग बढ़ने से इनके दाम में तेजी आई है। वहीं, हरी सब्जियों के भाव बढ़ने से आम लोगों की रसोई का बजट भी प्रभावित हो रहा है। बाजार में सेव 250 रुपये किलो तक बिक रहा है, जबकि पूजा की माला के दाम 90 से 100 रुपये तक पहुंच गए हैं। सहजन यानी मुनगा 150 रुपये किलो तक बिक रहा है। ऐसे में नवरात्र के दौरान पूजा-पाठ और फलाहार के लिए खरीदारी करने वालों को पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।
व्रत के फल हुए महंगे, सेव 250 रुपये किलो तक पहुंचा
नवरात्र में फलाहार की मांग बढ़ने के साथ ही फलों के खुदरा दाम में तेजी दर्ज की गई है। बाजार में कई फलों की कीमतों में 20 से 40 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है।रायपुर के बाजार में फलों के मौजूदा भाव इस प्रकार हैं
सेव: 160 से 250 रुपये प्रति किलो
अनार और संतरा: 160 से 200 रुपये प्रति किलो
सीताफल और अमरूद: 150 से 180 रुपये प्रति किलो
केला: 50 से 80 रुपये प्रति दर्जन
ड्रैगन फ्रूट: 160 से 200 रुपये प्रति किलो
नारियल पानी: 70 से 120 रुपये प्रति नग
सिंघाड़ा: 100 से 150 रुपये प्रति किलो
कांदा: 50 से 80 रुपये प्रति किलो
व्रत के दौरान फलाहार करने वालों के लिए बढ़े हुए दाम खर्च का बोझ बढ़ा सकते हैं। खासकर सेव, अनार और नारियल पानी की खरीदारी अब पहले के मुकाबले महंगी पड़ रही है।
पूजा के फूलों के दाम बढ़े, माला 100 रुपये तक पहुंची
नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा के लिए फूलों की मांग बढ़ने से फूल बाजार में भी तेजी दिखाई दे रही है। फूल चौक के कारोबारियों के मुताबिक, नागपुर और कोलकाता से आने वाले फूलों के भाव में बढ़ोतरी हुई है।बाजार में आर्किड 400 रुपये किलो और गुलाब 200 रुपये किलो तक बिक रहा है। वहीं, सामान्य दिनों में 50 से 60 रुपये में मिलने वाली पूजा की माला अब 90 से 100 रुपये में मिल रही है।
मां दुर्गा को अर्पित किया जाने वाला कमल का एक फूल 20 से 30 रुपये में उपलब्ध है। हालांकि, पूजा के लिए गेंदा फूल अभी अपेक्षाकृत किफायती विकल्प बना हुआ है। स्थानीय बाड़ियों और अंबिकापुर से आने वाला गेंदा 80 से 100 रुपये किलो के भाव पर बिक रहा है।
रसोई पर भी महंगाई की मार, मुनगा 150 रुपये किलो
नवरात्र में फल और फूल ही नहीं, बल्कि सब्जियों के दाम भी लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। डूमरतराई थोक बाजार के अनुसार, हरी सब्जियों की कीमतों में तेजी के कारण घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
सब्जियों के मौजूदा भाव पर नजर डालें तो:
मुनगा (सहजन): 120 से 150 रुपये प्रति किलो
हरी धनिया: 150 से 160 रुपये प्रति किलो
फूलगोभी: 70 से 80 रुपये प्रति किलो
भिंडी: 70 से 80 रुपये प्रति किलो
करेला: 70 से 80 रुपये प्रति किलो
परवल: 70 से 80 रुपये प्रति किलो
खीरा: 40 से 60 रुपये प्रति किलो
आलू: 20 रुपये प्रति किलो
प्याज: 50 रुपये प्रति किलो
सब्जियों में सबसे ज्यादा कीमत मुनगा और हरी धनिया की बनी हुई है। वहीं, फलाहार में इस्तेमाल होने वाले खीरे की मांग बढ़ने से इसके भाव भी ऊपर गए हैं।
आलू-प्याज से मिली थोड़ी राहत
बढ़ती कीमतों के बीच उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि आलू का भाव 20 रुपये किलो बना हुआ है, जबकि प्याज की कीमत घटकर 50 रुपये प्रति किलो पर आ गई है।
नौ दिनों तक दाम कम होने की संभावना कम
कारोबारियों का अनुमान है कि नवरात्र के पूरे नौ दिनों तक फलों और फूलों की मांग मजबूत रह सकती है। ऐसे में कीमतों में जल्द बड़ी गिरावट आने की संभावना कम बताई जा रही है।