मुंबई - साल 2006 में रिलीज हुई ‘मालामाल वीकली’ आज भी बॉलीवुड की यादगार कॉमेडी फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म के सीक्वल की घोषणा के बाद से ही फैंस इसके अगले पार्ट का इंतजार कर रहे हैं। अब फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर एक और बड़ी अपडेट सामने आई है। रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा के बाद एशा देओल और सोनिया बंसल भी ‘मालामाल वीकली 2’ का हिस्सा बन गई हैं।

‘मालामाल वीकली 2’ में एशा देओल की एंट्री
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एशा देओल ने ‘मालामाल वीकली 2’ की कास्ट जॉइन कर ली है। एक्ट्रेस ने भी इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है। एशा लंबे समय से ऐसे प्रोजेक्ट की तलाश में थीं, जिसमें भरपूर मनोरंजन और कॉमेडी देखने को मिले। एक्ट्रेस ने बताया कि ‘नो एंट्री’, ‘शादी नंबर 1’ और ‘वन टू थ्री’ जैसी फिल्मों में कॉमेडी का हिस्सा बनने के बाद यह जॉनर उन्हें हमेशा से पसंद रहा है। उनका मानना है कि ‘मालामाल वीकली 2’ की कहानी और स्क्रिप्ट दर्शकों को खूब हंसाने वाली है।

बिग बॉस फेम सोनिया बंसल भी फिल्म में
एशा देओल के साथ बिग बॉस 17 में नजर आ चुकीं सोनिया बंसल की भी फिल्म में एंट्री हुई है। सोनिया इस बार एक अहम और दिलचस्प भूमिका निभाती नजर आएंगी। इससे पहले शो में बतौर कंटेस्टेंट नजर आने के बाद अब वह बड़े पर्दे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में हैं। फिल्म में एल्विश यादव भी पहले से जुड़े हुए हैं। ऐसे में ‘मालामाल वीकली 2’ की कास्ट लगातार बड़ी होती जा रही है और दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ रही है।
पुरानी कहानी से अलग होगी नई फिल्म
‘मालामाल वीकली 2’ के निर्देशन की जिम्मेदारी अमित राय संभाल रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की कहानी को 2006 में आई परेश रावल स्टारर पहली फिल्म से पूरी तरह अलग रखा जाएगा। यानी मेकर्स पुराने किरदारों और कहानी को दोहराने के बजाय एक नए प्लॉट और नए कॉमेडी अंदाज के साथ दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं। यही वजह है कि सीक्वल को लेकर फैंस के बीच अभी से काफी चर्चा है।
नवंबर में शुरू हो सकती है शूटिंग
रिपोर्ट्स की मानें तो ‘मालामाल वीकली 2’ की शूटिंग नवंबर 2026 में शुरू हो सकती है। फिल्म में रवीना टंडन, परिणीति चोपड़ा, एशा देओल और सोनिया बंसल जैसी अभिनेत्रियों के साथ एल्विश यादव भी नजर आएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि नई स्टारकास्ट और बिल्कुल अलग कहानी के साथ ‘मालामाल वीकली 2’ पहली फिल्म की तरह दर्शकों को हंसाने में कितनी कामयाब रहती है।