कोलकाता डेस्क: सिगरेट पीने की आदत सेहत के लिए कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका अंदाजा फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों के बढ़ते खतरे से लगाया जा सकता है। लंबे समय तक धूम्रपान करने से क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) होने की आशंका बढ़ जाती है। चिंता की बात यह है कि इस बीमारी के शुरुआती लक्षण अक्सर सामान्य खांसी या सांस फूलने जैसे लगते हैं, जिसके कारण लोग इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। कई मामलों में बीमारी का पता तब चलता है, जब फेफड़ों को काफी नुकसान पहुंच चुका होता है। ऐसे में धूम्रपान से दूरी बनाने के साथ-साथ COPD के शुरुआती संकेतों को पहचानना भी बेहद जरूरी है।
धूम्रपान करने वालों में COPD का खतरा अधिक
सिगरेट में मौजूद हानिकारक रसायन और उसका धुआं धीरे-धीरे फेफड़ों को नुकसान पहुंचाते हैं। लंबे समय तक धूम्रपान करने से सांस की नलियों में सूजन आ सकती है और फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित होने लगती है। अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के आंकड़ों के मुताबिक, वहां COPD से होने वाली 10 में से 8 मौतों के लिए सिगरेट पीना जिम्मेदार है। वहीं, फरवरी 2026 में प्रकाशित एक भारतीय अध्ययन में भी इस बीमारी का गंभीर खतरा सामने आया है। इस अध्ययन में 23 शोधों और 27,319 वयस्कों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसमें धूम्रपान करने वालों के बीच COPD की औसत दर 37 फीसदी पाई गई। ये आंकड़े बताते हैं कि लंबे समय तक सिगरेट पीने की आदत फेफड़ों के लिए कितना बड़ा खतरा बन सकती है।
लगातार खांसी और सांस फूलना हो सकते हैं COPD के शुरुआती लक्षण
COPD यानी क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज फेफड़ों से जुड़ी एक गंभीर बीमारी है। इसमें सांस की नलियों में सूजन और सिकुड़न आने लगती है, जिससे हवा का फेफड़ों तक पहुंचना और बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। लगातार खांसी रहना, बार-बार बलगम आना और सांस लेने में परेशानी होना इसके आम लक्षण हैं। इसके अलावा थोड़ी दूर चलने, सीढ़ियां चढ़ने या हल्का शारीरिक काम करने पर भी सांस फूल सकती है। कई लोग इन लक्षणों को उम्र बढ़ने, कमजोरी या मौसम में बदलाव का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। दिल्ली के BLK-Max Super Speciality Hospital के सेंटर फॉर चेस्ट एंड रेस्पिरेटरी डिजीजेज के डायरेक्टर डॉ. पवन गुप्ता के मुताबिक, COPD की पहचान अक्सर काफी देर से होती है। तब तक फेफड़ों की कार्यक्षमता काफी कम हो चुकी होती है।
समय पर जांच से हो सकती है बीमारी की पहचान
अगर किसी व्यक्ति को लंबे समय से खांसी, बलगम या सांस लेने में परेशानी हो रही है, तो उसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। खासकर धूम्रपान करने वाले लोगों को ऐसे लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। COPD की पहचान के लिए स्पाइरोमेट्री टेस्ट काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इस जांच के जरिए यह पता लगाया जाता है कि फेफड़े कितनी हवा अंदर ले सकते हैं और कितनी तेजी से बाहर निकाल सकते हैं। समय पर जांच होने से बीमारी की पहचान शुरुआती चरण में करने में मदद मिल सकती है। इससे डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार इलाज और जरूरी सावधानियां तय कर सकते हैं। इसलिए लगातार सांस से जुड़ी परेशानी होने पर खुद से दवा लेने के बजाय विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है।
बार-बार कोशिश के बाद भी नहीं छूट रही सिगरेट? अपनाएं सही तरीका
निकोटीन की लत के कारण कई लोगों के लिए धूम्रपान छोड़ना आसान नहीं होता। कुछ लोग सिगरेट छोड़ने का फैसला करते हैं, लेकिन कुछ दिनों या हफ्तों बाद दोबारा इसकी शुरुआत कर देते हैं। ऐसे में केवल अपनी इच्छाशक्ति पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर की मदद लेना फायदेमंद हो सकता है। काउंसलिंग, व्यवहार में बदलाव और चिकित्सकीय देखरेख में मिलने वाले उपचार से सिगरेट छोड़ने में मदद मिल सकती है। माता चानन देवी हॉस्पिटल, जनकपुरी, नई दिल्ली के पल्मोनोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट और हेड डॉ. चंद्रमणि पंजाबी के मुताबिक, बार-बार कोशिश के बावजूद धूम्रपान नहीं छोड़ पाने वाले वयस्कों के लिए वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर दूसरे विकल्पों का मूल्यांकन किया जा सकता है। हालांकि, धूम्रपान पूरी तरह छोड़ना ही स्वास्थ्य के लिए सबसे बेहतर और सुरक्षित उपाय है।
सिर्फ सिगरेट ही नहीं, इन वजहों से भी हो सकता है COPD
आमतौर पर COPD को धूम्रपान से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इसके पीछे कुछ अन्य कारण भी हो सकते हैं। घर के अंदर होने वाला वायु प्रदूषण भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है। खाना पकाने के दौरान निकलने वाला धुआं और खराब वेंटिलेशन लंबे समय तक संपर्क में रहने पर सांस से जुड़ी समस्याएं बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा फैक्ट्रियों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले लोगों को धूल, धुएं और जहरीली गैसों के संपर्क में रहने से खतरा हो सकता है। इसलिए कार्यस्थल पर सुरक्षा के जरूरी उपाय अपनाना और घर में हवा के उचित आवागमन का ध्यान रखना चाहिए। प्रदूषण से बचाव, धूम्रपान से दूरी और समय पर स्वास्थ्य जांच फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी हैं। सांस से जुड़ी किसी भी परेशानी को लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।