गोरखपुर | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब सरकार नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने जा रही है। देवोत्थान एकादशी के अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के करियर के साथ खिलवाड़ करने वालों को सरकार पूरी तरह तबाह कर देगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट दिए और योजना पर आधारित लघु फिल्म भी देखी। समारोह के अंत में उन्होंने टैबलेट पाने वाले युवाओं के साथ सेल्फी भी ली।
नशे के सौदागरों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार अब नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई शुरू करने जा रही है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार माफियाओं को कुचलने और संगठित अपराध को खत्म करने के बाद अब नशे के सौदागरों के खिलाफ भी निर्णायक कार्रवाई करेगी।
दसवीं के छात्र की मौत पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने दो दिन पहले गोरखपुर में सपा के जुलूस के दौरान दसवीं के छात्र की मौत की घटना पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने इस घटना को उत्तर प्रदेश की पहचान पर काला धब्बा बताया। सीएम योगी के अनुसार, छात्र अपनी छोटी बहन को स्कूल से लेने जा रहा था और वह चौरी-चौरा कांड के क्रांतिकारी पूजन सिंह का प्रपौत्र था। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के समय सक्रिय होने वाले अराजक तत्वों को पूरी तरह कुचल दिया जाएगा।
26 जनवरी तक 82 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र बांटने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने सरकारी भर्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में पौने दस लाख सरकारी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। हाल ही में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभागों में 16 हजार से अधिक नियुक्तियां हुई हैं। उन्होंने बताया कि 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, 26 जनवरी तक औसतन हर पांच से सात दिन में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक जैसी समस्याएं थीं, लेकिन अब पेपर लीक के मामलों में आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये जुर्माने और संपत्ति जब्ती जैसे सख्त प्रावधान किए गए हैं। सरकार का दावा है कि अब भर्तियां प्रतिभा के आधार पर तेजी से हो रही हैं।
'चलता-फिरता विश्वविद्यालय है टैबलेट', युवाओं को दी डिजिटल सलाह
सीएम योगी ने कहा कि टैबलेट युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए थे। उनके अनुसार, आईआईएम लखनऊ के अध्ययन में इसका लाभ तीन करोड़ लोगों तक पहुंचने की बात सामने आई। मुख्यमंत्री ने बताया कि दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं। इन टैबलेट में इंफोसिस के 18 हजार से अधिक निःशुल्क कोर्स और युवा साथी ऐप उपलब्ध हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले कंटेंट का फैक्ट चेक करने और डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की। साथ ही कहा कि रील देखने में समय गंवाने के बजाय कौशल विकास के लिए रोजाना तीन घंटे दें। मुख्यमंत्री ने टैबलेट के माध्यम से जनगणना 2027 की स्वगणना और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 भरने का भी आह्वान किया।
हर जिले में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनाया जाएगा। यहां युवाओं को जापानी और जर्मन भाषाओं के साथ कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें देश और विदेश के उद्योगों से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। इसके लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है। ओडीओपी, ओडीओसी और मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दो लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण देने, 67 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति और कॉलेज स्तर तक अभ्युदय कोचिंग की सुविधा का भी जिक्र किया।
यूपी की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ से बढ़कर 36 लाख करोड़ हुई: योगी
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जीएसडीपी तीन गुना होकर 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। उन्होंने बताया कि 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में अकेले 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आने की बात भी कही। योगी ने प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क, 17 एयरपोर्ट, गोरखपुर में एम्स और पांच विश्वविद्यालयों का उल्लेख करते हुए पूर्वांचल को इंसेफेलाइटिस से मुक्त होने की उपलब्धि भी बताया।
'नो कर्फ्यू, नो दंगा', बेटियों की सुरक्षा पर भी बोले CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव से उत्सव का प्रदेश बन गया है। उन्होंने देवोत्थान एकादशी पर अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा के दौरान 50 से 55 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का जिक्र किया। उन्होंने लखनऊ में HCL टेक के सेंटर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है। मुख्यमंत्री ने बेटियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाएं रात में भी सुरक्षित घर लौट सकती हैं। उन्होंने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इन 23 विद्यार्थियों को CM ने दिए टैबलेट
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए। इनमें आकाश तिवारी, अनिकेत दुबे, पलक कुमारी, राशि सिंह, नाजिया परवीन, एकता कुमारी, अरीबा खान, अर्चिता द्विवेदी, सौम्या सिंह, दिव्यांजलि पाठक, गणेश पांडे, शुभम यादव, अभिनव सिंह, आशीष यादव, जया राव, अभिषेक शर्मा, अनुराधा पटेल, आकांक्षा पांडे, अहमद रजा, अनामिका सिंह, सोनिया प्रजापति, नितेश चौहान और सुंदरी कुमारी शामिल रहे। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद रवि किशन शुक्ला, मंत्री संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।