कोलकाता: पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। गिरीश पार्क थाने के बाहर हुए हंगामे को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रवक्ता स्वयं प्रकाश पुरोहित ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के करीब 100 से 150 कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से तृणमूल समर्थकों को निशाना बनाया और महिलाओं को दौड़ाकर वहां से भगाया।
स्वयं प्रकाश पुरोहित ने कहा कि गिरीश पार्क थाने के सामने ऐतिहासिक नकुल चंद्र दे की दुकान है और उसके ठीक सामने पुलिस थाना स्थित है। इसी थाने में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एक टिप्पणी को लेकर एफआईआर दर्ज हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी नेताओं की ओर से पहले भी कई विवादित टिप्पणियां की गई हैं, लेकिन उन मामलों में कितनी एफआईआर दर्ज हुईं?
महिलाओं के साथ मारपीट का लगाया आरोप
TMC प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस बल की मौजूदगी में बीजेपी के करीब 100-150 कार्यकर्ता पहुंचे और तृणमूल समर्थकों के साथ मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान महिलाओं को दौड़ाकर भगाया गया। आसपास स्कूल होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को लेने पहुंचे कुछ लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुरोहित ने कहा कि घटनास्थल पर मीडिया के लोग भी मौजूद थे।
बीजेपी नेताओं के पुराने बयानों का उठाया मुद्दा
स्वयं प्रकाश पुरोहित ने बीजेपी नेताओं के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि एक सिख पुलिस अधिकारी को कथित तौर पर खालिस्तानी कहा गया था। उन्होंने सवाल किया कि उस मामले में क्या कार्रवाई हुई और कितनी एफआईआर दर्ज की गईं? उनका कहना था कि एक तरफ अभिषेक बनर्जी की टिप्पणी पर एफआईआर दर्ज की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी नेताओं के बयानों पर कार्रवाई को लेकर सवाल बने हुए हैं।
अभिषेक बनर्जी को निशाना बनाने का लगाया आरोप
पुरोहित ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में अभिषेक बनर्जी और ममता बनर्जी के साथ खड़े होने वाले लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी पसंद के नेता के साथ खड़े होने और राजनीतिक समर्थन देने का अधिकार है।
TMC प्रवक्ता ने कहा कि अगर दिनदहाड़े इस तरह लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जाएगा, तो इसके खिलाफ आवाज उठनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया तक पहुंचाया जाना चाहिए।