कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार मामला कोलकाता मेट्रो का है, जहां एक महिला यात्री ने सहयात्री पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी नशे की हालत में था और मेट्रो की भीड़ का फायदा उठाकर उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार कर रहा था। घटना के बाद मेट्रो के भीतर हंगामा मच गया। फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान के लिए मेट्रो स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
चांदनी चौक से मेट्रो में सवार हुई थी महिला
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार रात की है। शिकायतकर्ता महिला रात करीब 8:57 बजे चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन से कवि सुभाष की ओर जाने वाली मेट्रो में सवार हुई थी। एस्प्लेनेड स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। इसी दौरान एक व्यक्ति मेट्रो में चढ़ा और महिलाओं के लिए आरक्षित सीट के पास खड़ी महिला के पीछे जाकर खड़ा हो गया।
महिला का आरोप है कि शुरुआत में उन्हें भीड़ के कारण कुछ समझ नहीं आया, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें अपने पीछे किसी की असामान्य गतिविधि महसूस हुई। जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो संबंधित व्यक्ति कथित तौर पर उनके साथ अश्लील हरकत कर रहा था।
विरोध करने पर भी नहीं रुकी आरोपी की हरकत
महिला ने आरोप लगाया कि उन्होंने तत्काल इसका विरोध किया और शोर मचाया, लेकिन आरोपी ने अपनी हरकत बंद नहीं की। इसके बाद मेट्रो में मौजूद अन्य यात्रियों ने भी मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी का विरोध करना शुरू कर दिया। कुछ यात्रियों ने उसे घेर भी लिया।
महिला के मुताबिक, आरोपी नशे की हालत में था। मेट्रो में हंगामे के बीच जैसे ही ट्रेन रवींद्र सदन स्टेशन पहुंची, आरोपी वहां उतरकर चला गया। यात्रियों की ओर से विरोध किए जाने के बावजूद उसे मौके पर पकड़ा नहीं जा सका।
कवि नजरुल स्टेशन पर महिला ने की शिकायत
घटना के बाद महिला अपने निर्धारित गंतव्य कवि नजरुल मेट्रो स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने रात करीब 9:24 बजे वहां उतरकर मेट्रो अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी। हालांकि, महिला का आरोप है कि उन्हें स्टेशन पर अपेक्षित सहायता नहीं मिली।
इसके बाद गुरुवार को उन्होंने शेक्सपियर सरणी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस इस मामले में आरोपी की पहचान करने के लिए मेट्रो के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। जांच के दौरान महिला को साथ लेकर पुलिस रवींद्र सदन और चांदनी चौक समेत संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर पहुंची और फुटेज खंगाले।
हालांकि, अब तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि जांचकर्ताओं ने मेट्रो प्रशासन से अतिरिक्त सीसीटीवी फुटेज भी मांगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने और आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस आरोपी की पहचान कब तक कर पाती है।