भोपाल | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि मां का जाना ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना असंभव है। जीवन में मां का स्थान कोई नहीं ले सकता। सीएम मोहन यादव ने अपने संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देते हुए प्रभु श्रीराम से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
CM मोहन यादव ने X पर क्या लिखा?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता।" उन्होंने आगे लिखा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। सीएम मोहन यादव ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को शांति देने और परिवार को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
2024 में एम्स ऋषिकेश में भर्ती हुई थीं सावित्री देवी
दी गई जानकारी के अनुसार, 14 मई 2024 को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते सावित्री देवी को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। बताया गया है कि बीते महीनों में भी उनका स्वास्थ्य कई बार बिगड़ा था।
उत्तराखंड के पंचूर गांव से है CM योगी का परिवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार इसी गांव में रहता है। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में निधन हो गया था। सावित्री देवी के निधन की खबर के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक जताते हुए योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।