आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोगों के पास सुबह लंबा वर्कआउट करने का समय नहीं होता। ऐसे में फिटनेस एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर आप रोजाना केवल 10 मिनट योग के लिए निकालते हैं, तो इससे शरीर को सक्रिय करने, दिमाग को शांत रखने और पूरे दिन ऊर्जा बनाए रखने में मदद मिल सकती है। नियमित योग न केवल शरीर की जकड़न दूर करता है, बल्कि मानसिक तनाव कम करने और फोकस बढ़ाने में भी सहायक माना जाता है।
कम समय में ज्यादा फायदा, क्यों खास है 10 मिनट का योग?
विशेषज्ञों के मुताबिक, सुबह का छोटा-सा योग सेशन शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करता है, मांसपेशियों को एक्टिव करता है और लंबे समय तक बैठे रहने से होने वाली अकड़न को कम करने में मदद करता है। ऑफिस में घंटों बैठकर काम करने वाले लोगों के लिए यह रूटीन विशेष रूप से फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा, नियमित योग शरीर की लचीलापन बढ़ाने, कैलोरी बर्न करने की क्षमता सुधारने और इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर करने में भी मददगार माना जाता है।
घर पर ऐसे करें 10 मिनट का मॉर्निंग योग रूटीन
योग की शुरुआत डाउनवर्ड फेसिंग डॉग से करें। इसके बाद थ्री लेग्ड डॉग, रिवॉल्व्ड लो लंज, लो लंज, हाफ स्प्लिट, लिजर्ड पोज, स्कंदासन, ट्विस्टेड वाइड लेग्ड फॉरवर्ड फोल्ड और अंत में फॉलन ट्रायंगल करते हुए वापस डाउनवर्ड फेसिंग डॉग की मुद्रा में आएं।
हर आसन को लगभग 30 सेकंड तक करें और पूरे अभ्यास के दौरान गहरी तथा नियंत्रित सांस लेते रहें।
योग करते समय रखें ये जरूरी सावधानियां
योग हमेशा धीरे-धीरे और बिना जल्दबाजी के करें। शरीर को उसकी क्षमता से अधिक स्ट्रेच न करें। यदि किसी प्रकार का दर्द, चक्कर या असहजता महसूस हो तो तुरंत अभ्यास रोक दें। कमर, घुटने या रीढ़ की समस्या वाले लोग विशेषज्ञ की सलाह लेकर ही योग करें।
नियमितता ही सफलता की कुंजी
फिटनेस एक्सपर्ट्स का कहना है कि योग में सबसे महत्वपूर्ण बात उसका समय नहीं बल्कि नियमित अभ्यास है। यदि कोई व्यक्ति रोज सिर्फ 10 मिनट भी योग करता है, तो यह बिल्कुल भी एक्सरसाइज न करने से कहीं बेहतर है। धीरे-धीरे यही आदत बेहतर फिटनेस, अधिक ऊर्जा और स्वस्थ जीवनशैली की नींव बन सकती है।