कोलकाता डेस्क: पूजा का त्योहार सिर्फ पंडाल घूमने और मां दुर्गा के दर्शन का ही नहीं, बल्कि स्वादिष्ट पकवानों का भी समय होता है। इस दौरान घरों में तरह-तरह के पारंपरिक और खास व्यंजन बनाए जाते हैं। अगर आप इस पूजा कुछ अलग और खास बनाने की तैयारी कर रहे हैं, तो इन पांच नॉन-वेज डिशेज को ट्राई कर सकते हैं। इसमें बंगाल की पसंदीदा भेटकी मछली से लेकर मटन बिरयानी, फिश फ्राई, गोवा की चिकन विंदालू और कश्मीरी मटन रोगन जोश शामिल हैं। खास बात यह है कि इन सभी डिशेज को घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। तो चलिए जानते हैं इनकी रेसिपी और बनाने का आसान तरीका।
भेटकी के पॉकेट में भरी है भेटकी की खास स्टफिंग
पूजा के मौके पर अगर आप मछली से कुछ हटकर बनाना चाहते हैं, तो भेटकी का यह खास व्यंजन ट्राई कर सकते हैं। इसमें भेटकी के दो फिले के बीच स्वादिष्ट स्टफिंग भरी जाती है। स्टफिंग के लिए प्याज, धनिया पत्ती, हरी मिर्च और खोया का इस्तेमाल किया जाता है। सबसे पहले मछली के फिले में अदरक-लहसुन का पेस्ट, नींबू का रस और नमक लगाकर करीब 10 मिनट के लिए रखा जाता है। इसके बाद तैयार स्टफिंग को एक फिले पर फैलाकर दूसरे फिले से ढक दिया जाता है। फिले को कुछ देर फ्रिज में रखने के बाद हल्का स्टीम किया जाता है। फिर सरसों, दही और प्याज से तैयार मसाले में इसे पकाया जाता है। आखिर में नारियल का दूध डालने से इसका स्वाद और भी खास हो जाता है।
मटन बिरयानी
पूजा के खास मौके पर अगर मेन कोर्स में कुछ शाही और खुशबूदार बनाना चाहते हैं, तो मटन बिरयानी एक शानदार विकल्प हो सकती है। बिरयानी में नरम मटन, बासमती चावल, आलू और खुशबूदार मसालों का बेहतरीन मेल होता है। सबसे पहले मटन को दही, अदरक-लहसुन और मसालों के साथ मैरिनेट किया जाता है। आलू को हल्का तलकर मसाले और पानी के साथ करीब 80 प्रतिशत तक पकाया जाता है। वहीं चावल को भी साबुत गरम मसालों के साथ 80 प्रतिशत तक पकाया जाता है। इसके बाद मटन, चावल, आलू और बिरयानी मसाले की परत लगाई जाती है। ऊपर से घी, केसर, गुलाब जल, केवड़ा जल और बिरिस्ता डाला जाता है। बर्तन को आटे से बंद कर धीमी आंच पर करीब 30 मिनट तक दम देने से बिरयानी की खुशबू और स्वाद अच्छी तरह मिल जाता है।
फिश फ्राई
बंगाल की फूड कल्चर में फिश फ्राई का अपना खास मुकाम है और शाम के नाश्ते के लिए इसे खूब पसंद किया जाता है। पूजा के दौरान घर पर भी रेस्टोरेंट स्टाइल फिश फ्राई तैयार की जा सकती है। इसके लिए बड़े आकार के भेटकी फिले का इस्तेमाल किया जाता है। मछली को प्याज, अदरक-लहसुन, हरी मिर्च, धनिया और नींबू के रस के साथ मैरिनेट किया जाता है। इसमें कॉर्नफ्लोर मिलाने से मछली पर कोटिंग अच्छी तरह चिपकती है। मैरिनेट किए हुए फिले को फेंटे हुए अंडे में डुबोकर बिस्किट के चूरे से कोट किया जाता है। इसके बाद इसे कटलेट का आकार देकर गर्म तेल में सुनहरा होने तक तला जाता है। कसुंदी और सलाद के साथ परोसी गई कुरकुरी फिश फ्राई पूजा के स्नैक्स में खास जगह बना सकती है।
चिकन विंदालू
अगर आप पूजा में कुछ अलग स्वाद वाली चिकन डिश बनाना चाहते हैं, तो गोवा की मशहूर चिकन विंदालू ट्राई कर सकते हैं। यह डिश अपने खट्टे और तीखे स्वाद के लिए जानी जाती है। इसमें चिकन के साथ सिरका, लहसुन, कश्मीरी लाल मिर्च, सरसों, जीरा और काली मिर्च का इस्तेमाल किया जाता है। सबसे पहले लाल मिर्च और मसालों को सिरके के साथ भिगोकर बारीक पीस लिया जाता है। इस मसाले को चिकन पर लगाकर कुछ देर मैरिनेट किया जाता है। इसके बाद प्याज को भूनकर मैरिनेट किया हुआ चिकन उसमें डालकर अच्छी तरह पकाया जाता है। चिकन लगभग पकने के बाद इसमें इमली का गूदा मिलाया जाता है। ग्रेवी के गाढ़ी होने और चिकन के पूरी तरह पक जाने के बाद इसे गर्मागर्म परोसा जा सकता है।
मटन रोगन जोश
कश्मीरी खाने का स्वाद पसंद करने वालों के लिए मटन रोगन जोश एक खास डिश हो सकती है। नरम मटन, कश्मीरी लाल मिर्च, दही और साबुत मसालों का मेल इसे अलग स्वाद देता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले घी में हींग, लौंग, इलायची, दालचीनी और साबुत लहसुन को हल्का भून लिया जाता है। इसके बाद मटन डालकर अच्छी तरह भूनते हुए गर्म पानी की मदद से करीब 70 प्रतिशत तक पकाया जाता है। फिर मटन को निकालकर उसके शोरबे को छानकर अलग रख लिया जाता है। दूसरी ओर कड़ाही में मटन को अदरक-लहसुन, बिरिस्ता, कश्मीरी मिर्च और दही के साथ अच्छी तरह भुना जाता है। इसमें मटन का तैयार शोरबा डालकर धीमी आंच पर पकाया जाता है। अंत में केवड़ा जल डालने से इसकी खुशबू बढ़ जाती है और इसे गर्मागर्म परोसा जा सकता है।
पूजा के मेन्यू में लाएं स्वाद का ट्विस्ट
पूजा के दौरान अगर आप रोजमर्रा के खाने से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो इन पांच व्यंजनों को अपने मेन्यू में शामिल कर सकते हैं। भेटकी का स्टफ्ड पॉकेट मछली पसंद करने वालों के लिए नया स्वाद दे सकता है। वहीं मटन बिरयानी और रोगन जोश परिवार के साथ खास भोजन के लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं। फिश फ्राई को शाम के स्नैक्स के तौर पर परोसा जा सकता है। चिकन विंदालू अपने खट्टे-तीखे स्वाद के कारण मेन्यू में अलग तरह का ट्विस्ट ला सकता है। इन व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पहले से तैयार रखने पर खाना बनाना आसान हो जाता है। इस पूजा घर पर बने इन स्पेशल व्यंजनों के साथ त्योहार के स्वाद को और खास बनाया जा सकता है।