विटामिन डी का सबसे आसान स्रोत धूप है यह बात हर कोई जानता है लेकिन क्या आप जानते हैं आखिर विटामिन डी है क्या और इसकी कमी होने से क्या होता है। विटामिन डी शरीर के लिए जरूरी एक फैट-सॉल्युबल विटामिन है जो मुख्य रूप से कैल्शियम और फॉस्फोरस को शरीर में घुलने में मदद करता है। इसलिए यह हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए जरूरी होता है। यह मांसपेशियों और सामान्य इम्यूनिटी को भी सपोर्ट करता है। अगर शरीर में विटामिन डी कम हो जाए तो कैल्शियम भी नहीं बनेगा और हड्डियां भी कमजोर होने लगेंगी। इसके लिए डॉक्टर वैसे तो धूप में बैठने की सलाह देते हैं लेकिन कुछ खाद्य पदार्थों और दवाइयों से भी इसकी कमी जल्दी पूरी की जा सकती है।
कमी होने पर शरीर में दिखने वाले लक्षण
डॉक्टर का कहना है कि विटामिन डी शरीर के लिए काफी जरूरी होता है। इसकी कमी से सिर्फ हड्डियां ही कमजोर नहीं होती बल्कि दिमाग और मसल्स पर भी इसका खास असर पड़ता है। विटामिन डी की कमी होने पर थकान और कमजोरी महसूस होती है। जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द होना आम शिकायत है। इम्यूनिटी कमजोर होने से बार-बार सर्दी-खांसी होती है। मूड स्विंग्स स्ट्रेस और डिप्रेशन जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं। बालों का झड़ना और पतला होना भी इस कमी का संकेत हो सकता है। इन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
फैटी फिश और अंडे की जर्दी का महत्व
अगर आप नॉन-वेज खाते हैं तो सैल्मन सार्डिन मैकेरल जैसी मछलियों को आहार में शामिल करें। इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड भी मिलता है और विटामिन डी की कमी पूरी करने में मदद मिलती है। विटामिन डी की कमी को पूरा करने के लिए अंडे की जर्दी को डाइट में शामिल करें। इसमें विटामिन डी के साथ प्रोटीन विटामिन बी12 और दूसरे पोषक तत्व मिलते हैं। ये दोनों स्रोत प्राकृतिक रूप से विटामिन डी की आपूर्ति बढ़ाते हैं। नियमित सेवन से कमी धीरे-धीरे दूर होती है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार मात्रा तय करनी चाहिए।
फोर्टिफाइड दूध मशरूम और डेयरी उत्पाद
साधारण दूध के अलावा आप फोर्टिफाइड दूध पी सकते हैं। कुछ दूध ऐसे होते हैं जिनमें विटामिन डी मिलाया जाता है। ये सैशे में आता है और इसे आप डॉक्टर की सलाह पर ले सकते हैं। अपनी डाइट में मशरूम को शामिल करें। इसे खाने से भी विटामिन डी की कमी पूरी करने में मदद मिलेगी। खासकर यूवी लाइट के संपर्क में आए मशरूम विटामिन डी2 का अच्छा स्रोत हो सकते हैं। चीज बटर दही पनीर जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स को अपनी डाइट में शामिल करें। इन चीजों में थोड़ी मात्रा में विटामिन डी और बी12 पाया जाता है लेकिन ये हड्डियों के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
धूप लेने का सही समय और तरीका
अगर आप धूप लेकर विटामिन डी की कमी को पूरा करना चाहते हैं तो सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक की धूप आपके शरीर के लिए फायदेमंद रहेगी। नॉर्मल स्किन वाले लोगों को पंद्रह मिनट तक धूप लेनी चाहिए और डार्क स्किन वाले लोगों को तीस-चालीस मिनट तक धूप में बैठना चाहिए। विटामिन डी की कमी ज्यादा है तो सिर्फ धूप और डाइट से कुछ नहीं होगा। आपको डॉक्टर से सलाह लेकर जरूरी दवाओं को डाइट में शामिल करना होगा। नियमित जांच करवाकर कमी का स्तर जानना बेहतर रहता है। सही आदतों से स्वास्थ्य को मजबूत रखा जा सकता है।