भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल नगर निगम के नए मुख्यालय ‘अटल भवन’ का लोकार्पण किया। ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर बने इस आधुनिक भवन को सुशासन, पारदर्शिता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बताया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा परियोजना का भी शुभारंभ किया और स्वच्छता का संदेश दिया।
ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर बना ‘अटल भवन’
करीब 73 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नगर निगम का नया मुख्यालय ‘अटल भवन’ आधुनिक सुविधाओं से लैस है। भू-तल सहित 8 मंजिलों वाले इस भवन में नगर निगम से जुड़े सभी विभाग एक ही छत के नीचे काम करेंगे, जिससे नागरिकों को सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जनसेवा की सोच को आगे बढ़ाने का काम करेगा।
ऊर्जा में आत्मनिर्भर बनेगा भवन
सीएम डॉ. मोहन यादव ने नीमच जिले के देवरी गांव में विकसित 10.5 मेगावॉट सौर ऊर्जा परियोजना का भी रिमोट के जरिए लोकार्पण किया। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि ‘अटल भवन’ की बिजली आपूर्ति इसी सौर संयंत्र से होगी। भवन परिसर की पार्किंग में भी सोलर प्लांट लगाया जा रहा है।
‘भोपाल बनेगा आधुनिक मेट्रोपॉलिटिन सिटी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल को मेट्रोपॉलिटिन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। रायसेन, सीहोर, विदिशा और राजगढ़ को भोपाल से जोड़कर विकास का नया कॉरिडोर तैयार होगा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना
डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज विश्व में लोकतंत्र और विकास का उदाहरण बन रहा है। उन्होंने धारा 370, राम मंदिर और नारी शक्ति वंदन कानून जैसे फैसलों का भी जिक्र किया।
नगर सरकार को बताया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर सरकार जनता के लिए शासन प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सरकार लगातार जनकल्याण व विकास के लिए काम कर रही है।