सीधी: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास पुतलखी के अधीक्षक रामदर्शन द्विवेदी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि छात्रावास अधीक्षक ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग के नाम पर आवेदक से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। गुरुवार 12 नवंबर 2026 को EOW की टीम ने पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते हुए ट्रैप कार्रवाई की।
20 हजार रुपये की रिश्वत लेते अधीक्षक गिरफ्तार
EOW रीवा की टीम ने सीधी जिले के शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास पुतलखी में पदस्थ अधीक्षक रामदर्शन द्विवेदी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा। शिकायतकर्ता सुरेश प्रसाद द्विवेदी से आरोपी ने 50 हजार रुपये की मांग की थी। इसमें से 20 हजार रुपये पहली किस्त के रूप में दिए जा रहे थे।आरोप है कि यह रकम सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सीधी कमलेश कुमार पाण्डेय से काम कराने के बदले मांगी गई थी।
नियमित नियुक्ति और वेतनमान के लिए मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता सुरेश प्रसाद द्विवेदी ग्राम उडिया, थाना एवं तहसील बहरी, जिला सीधी के निवासी हैं। वह वर्ष 1995 से जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास पुतलखी में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत हैं।वर्ष 2016 से वह अस्थाई कर्मचारी के तौर पर जलवाहक/भृत्य के पद पर काम कर रहे हैं। उन्होंने नियमित नियुक्ति और नियमित वेतनमान का लाभ पाने के लिए सहायक आयुक्त कार्यालय में आवेदन दिया था।आरोप है कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और लाभ दिलाने के एवज में छात्रावास अधीक्षक ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
एरियर की आधी रकम देने की भी रखी थी मांग
मामले में यह भी आरोप सामने आया है कि नियमितीकरण के बाद मिलने वाली एरियर राशि में से आधा हिस्सा देने की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता से नियमित नियुक्ति, नियमित वेतनमान और संबंधित लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही थी।शिकायत के आधार पर EOW रीवा की टीम ने योजना बनाकर 12 नवंबर को ट्रैप कार्रवाई की और 20 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए छात्रावास अधीक्षक को पकड़ लिया।
सहायक आयुक्त समेत दो लोगों पर मामला दर्ज
EOW ने इस मामले में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सीधी कमलेश कुमार पाण्डेय और छात्रावास अधीक्षक रामदर्शन द्विवेदी को आरोपी बनाया है।दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया जा रहा है।