ग्वालियर में आने वाले सात दिन भीषण गर्मी और तेज धूप के साथ गुजरने वाले हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 10 मई से 16 मई के बीच तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रविवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। 10 मई को अधिकतम तापमान 37 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि 16 मई तक पारा 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि 12 मई के बाद ग्वालियर-चंबल संभाग में हीटवेव का असर और अधिक बढ़ जाएगा। आसमान अधिकतर साफ रहेगा, जिसके कारण सूरज की तेज किरणें सीधे धरती पर पड़ेंगी और गर्मी में इजाफा होगा।
हवा में नमी कम, बढ़ेगी तपिश
11 से 14 मई के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में कहीं-कहीं आंधी की संभावना जताई गई है, लेकिन ग्वालियर में इसका असर बेहद कम रहने की उम्मीद है। वहीं वातावरण में आर्द्रता का स्तर 25 से 37 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है, जिससे मौसम और अधिक शुष्क बना रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नागरिकों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
लू से बचाव के लिए—
पर्याप्त मात्रा में पानी पीने,ओआरएस और तरल पदार्थ लेने,हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। इसके अलावा लोगों से पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने की अपील की गई है।
अगले 7 दिनों का संभावित मौसम
10 मई: आसमान साफ रहेगा और तेज धूप पड़ेगी।
11 मई: मौसम शुष्क रहेगा, गर्म हवाएं चल सकती हैं।
12 मई: हीटवेव की स्थिति बन सकती है और तापमान बढ़ेगा।
13 मई: तेज धूप के साथ हल्के बादल भी दिखाई दे सकते हैं।
14 मई: भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना रहेगी।
15 मई: तापमान में और बढ़ोतरी होगी, गर्म हवाएं परेशान करेंगी।
16 मई: हीटवेव चरम पर रह सकती है और तापमान 46 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।