भोपाल। मध्यप्रदेश में अगले 72 घंटे प्रशासनिक और राजनीतिक लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हो सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि इस बदलाव में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं। इसके साथ ही प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (DGP) के नाम का ऐलान भी संभव है। सरकार और भाजपा संगठन में भी महत्वपूर्ण नियुक्तियों को लेकर हलचल तेज है। ऐसे में मुख्यमंत्री की प्रस्तावित विदेश यात्रा से पहले बड़े फैसलों पर सबकी नजरें टिकी हैं।
4 अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों की बदल सकती है जिम्मेदारी
मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित प्रशासनिक फेरबदल में चार अपर मुख्य सचिव (ACS) और चार से पांच प्रमुख सचिव (PS) स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है। कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर मुख्यमंत्री की नाराजगी की चर्चा भी प्रशासनिक गलियारों में है। हालांकि, इन बदलावों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्वालियर, जबलपुर और नर्मदापुरम के संभागायुक्त भी रडार पर
संभावित फेरबदल में संभागीय स्तर पर भी बदलाव देखने को मिल सकता है। ग्वालियर, जबलपुर और नर्मदापुरम के संभागायुक्तों की जिम्मेदारियों में बदलाव की चर्चा है। इसके अलावा खरगोन, खंडवा और नीमच समेत करीब एक दर्जन जिलों के कलेक्टर भी सरकार के रडार पर बताए जा रहे हैं।
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान को लेकर भी प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज है। बताया जा रहा है कि वे 1 जनवरी 2027 को सुपर टाइम स्केल में आ जाएंगी। ऐसे में उन्हें मंत्रालय में किसी महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी या किसी बड़े कॉरपोरेशन का प्रबंध संचालक (MD) बनाया जा सकता है।
रविवार तक जारी हो सकते हैं तबादला आदेश
मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, प्रशासनिक फेरबदल को रविवार तक अंतिम रूप दिया जा सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 नवंबर को विदेश यात्रा पर रवाना होने वाले हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि विदेश दौरे से पहले ही तबादला आदेश जारी हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात ही फेरबदल को अंतिम रूप देने की तैयारी थी, लेकिन मुख्यमंत्री की व्यस्तता के चलते फैसला टल गया। अब शनिवार को मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच इस संबंध में अंतिम चर्चा होने की संभावना है।
नए DGP की नियुक्ति पर भी टिकी नजरें
प्रशासनिक फेरबदल के साथ मध्यप्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति भी चर्चा का अहम विषय है। अगले कुछ दिनों में नए DGP के नाम की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सरकार और भाजपा संगठन में भी नियुक्तियों की चर्चा
प्रशासनिक बदलाव के अलावा सरकार और भाजपा संगठन के स्तर पर भी कुछ महत्वपूर्ण नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में मंत्रालय से लेकर भाजपा संगठन तक कई अहम फैसले सामने आ सकते हैं। मध्यप्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल पिछले करीब दो सप्ताह से टलता आ रहा है। अब मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा से पहले इस पर अंतिम निर्णय होने की चर्चाओं ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।