भोपाल। मध्यप्रदेश में लंबे समय से सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने अल्पसंख्यक महिलाओं को संगठित करने के लिए एक अलग संगठनात्मक फोर्स तैयार की है, जिसे ‘प्रोजेक्ट M’ नाम दिया गया है। इस प्रोजेक्ट की औपचारिक लॉन्चिंग आज भोपाल में की जा रही है।
सात महीने से चल रही थी रणनीति पर तैयारी
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, प्रोजेक्ट M को लेकर पिछले करीब सात महीनों से पार्टी के भीतर मंथन चल रहा था। इस दौरान अल्पसंख्यक समुदायों में महिलाओं की भूमिका, उनकी राजनीतिक भागीदारी और संगठन से जुड़ाव को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
राज्य स्तर पर 160 महिलाओं का कोर ग्रुप
प्रोजेक्ट M के तहत राज्य स्तर पर लगभग 160 अल्पसंख्यक महिलाओं का एक कोर ग्रुप तैयार किया गया है। ये महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की नीतियों, मुद्दों और संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगी।
रैली-आंदोलन नहीं, सीधा संवाद होगा फोकस
इस नई फोर्स का फोकस पारंपरिक रैली और आंदोलन से हटकर सीधे अल्पसंख्यक आबादी से संवाद स्थापित करने पर रहेगा। महिलाओं के जरिए परिवार और समाज के भीतर कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम किया जाएगा।
जिला और ब्लॉक स्तर तक विस्तार की योजना
कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि शुरुआती चरण में राज्य स्तरीय ढांचा तैयार किया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे जिला और ब्लॉक स्तर तक विस्तार दिया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों से सक्रिय और प्रभावशाली महिलाओं को जोड़ा जाएगा।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कोशिश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस अब केवल बड़े आंदोलनों पर निर्भर नहीं रहना चाहती। प्रोजेक्ट M के जरिए पार्टी जमीनी स्तर पर सामाजिक और राजनीतिक नेटवर्क मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।