भोपाल : मध्यप्रदेश सरकार ने चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान वाले कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की सौगात दी है। चौथे वेतनमान में 20 प्रतिशत अंक, जबकि पांचवें और छठवें वेतनमान में 5-5 प्रतिशत अंक की वृद्धि की गई है। बढ़े हुए DA का नकद लाभ 1 अक्टूबर 2026 से मिलेगा और इसका भुगतान नवंबर की सैलरी में किया जाएगा।
जनवरी से सितंबर 2026 तक का एरियर नवंबर, दिसंबर और जनवरी में तीन किस्तों में दिया जाएगा। वहीं, इस अवधि में रिटायर या मृत हुए कर्मचारियों को एरियर की राशि एकमुश्त मिलेगी। इसके अलावा नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी बढ़ोतरी की गई है। फैसले से करीब 35 हजार कर्मचारी और 18 हजार से अधिक पेंशनर्स यानी कुल 53 हजार से ज्यादा लोग लाभान्वित होंगे।
चौथे से छठवें वेतनमान में DA की नई दरें
वित्त विभाग के आदेश के अनुसार, अलग-अलग वेतनमानों में महंगाई भत्ते की नई दरें इस प्रकार होंगी
छठवां वेतनमान: 257% से बढ़ाकर 262%
पांचवां वेतनमान: 323% से बढ़ाकर 328%
चौथा वेतनमान: 1465% से बढ़ाकर 1485%
ये नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी। सातवें वेतनमान वाले कर्मचारियों का DA पहले ही बढ़ाया जा चुका है।
नवंबर की सैलरी में मिलेगा बढ़े हुए DA का लाभ
बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा। कर्मचारियों को इसका लाभ नवंबर महीने की सैलरी में मिलेगा।वहीं, जनवरी से सितंबर 2026 तक की अवधि का बकाया एरियर तीन किस्तों में नवंबर, दिसंबर और जनवरी में दिया जाएगा। इस अवधि में सेवानिवृत्त या मृत हुए कर्मचारियों को एरियर की पूरी राशि एकमुश्त मिलेगी।
प्रतिनियुक्त कर्मचारियों को भी मिलेगा फायदा
सरकार के उपक्रमों, निगमों, मंडलों और अनुदान प्राप्त संस्थाओं से प्रतिनियुक्ति पर आए चौथे और पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए DA का लाभ दिया जाएगा।इन कर्मचारियों के लिए नई दरें क्रमशः 1485% और 328% निर्धारित की गई हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते को किसी योजना के लिए वेतन नहीं माना जाएगा।
नगरीय निकायों के पेंशनर्स की DR में भी बढ़ोतरी
नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी वृद्धि की है।
छठवां वेतनमान: DR में 5 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी
सातवां वेतनमान: DR में 2 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी
यह वृद्धि 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। बढ़ी हुई महंगाई राहत मूल पेंशन के आधार पर मिलेगी।
80 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनर्स को भी लाभ
आदेश के मुताबिक, 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी बढ़ी हुई महंगाई राहत लागू होगी। यानी इस आयु वर्ग के पेंशनर्स को भी DR में हुई वृद्धि का लाभ मिलेगा।
परिवार पेंशन पर DR के लिए तय की गई शर्त
आदेश में परिवार पेंशन पर महंगाई राहत की पात्रता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। पति या पत्नी की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले व्यक्ति को परिवार पेंशन पर DR नहीं मिलेगा।हालांकि, यदि पति या पत्नी की मृत्यु के समय संबंधित व्यक्ति पहले से ही सेवा में कार्यरत था, तो उसे मिलने वाली परिवार पेंशन पर महंगाई राहत का लाभ दिया जाएगा।