मध्य प्रदेश में ग्रामीण विकास और कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा कदम उठाया है। सीहोर जिले के भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV और पीएम जनमन योजना का शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत प्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे 987 बसाहटों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का दावा है कि इन सड़कों से गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
सीहोर जिले को 165 करोड़ की सौगात
योजना के अंतर्गत केवल सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सड़कों का निर्माण होगा। इससे जिले की 84 बसाहटों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और ग्रामीण इलाकों में आवागमन आसान होगा।
कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम डॉ. मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प वर्षा के साथ की। इस दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई और अलग-अलग श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों को सम्मानित किया गया।
सीएम बोले- मोदी के नेतृत्व में बदल रहा देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि आज गांव, गरीब और किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है और मध्यप्रदेश केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर विकास कार्य कर रहा है।
पीएम आवास योजना के लिए 2055 करोड़ की मंजूरी
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 2055 करोड़ रुपये की स्वीकृति का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। उन्होंने कहा कि सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में “विकास का महायज्ञ” चल रहा है और राज्य लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
सड़क निर्माण में देश में नंबर-1 बना मध्यप्रदेश
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मध्यप्रदेश को देश में पहला स्थान मिला। प्रदेश में अब तक 90 हजार 766 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कें बनाई जा चुकी हैं। बसाहटों को जोड़ने और सड़कों के रखरखाव के मामले में भी मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।
गांवों तक पहुंचेगा विकास
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि मध्यप्रदेश सिर्फ योजनाएं लागू नहीं करता, बल्कि तय लक्ष्य भी हासिल करता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत प्रदेश में 2500 किलोमीटर नई सड़कें बनाई जाएंगी।
ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
सरकार का कहना है कि नई सड़कें बनने से किसानों को मंडियों तक पहुंचने में आसानी होगी, छात्रों को स्कूल और मरीजों को अस्पताल तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।