भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) को परीक्षा एजेंसी बनाए जाने के बाद अब ज्यादा से ज्यादा शिक्षकों को परीक्षा में शामिल कराने की तैयारी है। फिलहाल 19,100 शिक्षकों ने ही आवेदन किया है।
आवेदन की संख्या बढ़ाने के लिए आवेदन की अंतिम तारीख एक बार फिर बढ़ाई जा सकती है। इस पर गुरुवार को आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय और माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों की बैठक में फैसला होगा। बैठक में यह तय किया जाएगा कि आवेदन के लिए 7 दिन या 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया जाए।
आज बैठक में होगा अंतिम फैसला
शिक्षक पात्रता परीक्षा के आयोजन को लेकर आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश वैद्य के बीच बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में ऑफलाइन आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए अधिक से अधिक शिक्षकों को आवेदन का अवसर देने पर चर्चा होगी। आवेदन की तारीख बढ़ाने का निर्णय होने के बाद एमपी ऑनलाइन और कर्मचारी चयन मंडल को इसकी लिखित जानकारी दी जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद माशिमं को बनाया गया एजेंसी
शिक्षकों की पात्रता परीक्षा आयोजित कराने के लिए राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल को परीक्षा एजेंसी बनाया है।अब परीक्षा के आयोजन से पहले मंडल का प्रमुख फोकस आवेदन करने वाले शिक्षकों की संख्या तय करने पर है। इसी के आधार पर परीक्षा केंद्रों और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी की जाएगी।
अब तक सिर्फ 19,100 आवेदन
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 16 सितंबर तक 19,100 शिक्षकों ने आवेदन किया है।आवेदन की संख्या अपेक्षा के मुताबिक नहीं आने के बाद आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाई गई थी। अब एक बार फिर आवेदन का समय बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
एक सप्ताह या 15 दिन बढ़ सकता है आवेदन का समय
गुरुवार की बैठक में आवेदन की अवधि को लेकर अंतिम निर्णय होने की संभावना है। इसमें आवेदन के लिए एक सप्ताह या 15 दिन का अतिरिक्त समय दिए जाने पर फैसला हो सकता है।निर्णय के बाद संशोधित आवेदन अवधि की जानकारी संबंधित एजेंसियों को दी जाएगी, ताकि शिक्षक निर्धारित समय के भीतर आवेदन कर सकें।
दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में परीक्षा की संभावना
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों के अनुसार आवेदन करने वाले शिक्षकों की संख्या तय होने के बाद परीक्षा की व्यवस्थाएं पूरी करने में करीब दो महीने का समय लग सकता है।इसी वजह से फिलहाल शिक्षक पात्रता परीक्षा दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना है।