मध्यप्रदेश में आंधी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को रीवा का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जबकि ग्वालियर, नौगांव, सीधी और सतना जैसे जिलों में भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा। कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई।
21 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र के अनुसार शुक्रवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।
भोपाल-इंदौर समेत 34 जिलों में गर्मी बरकरार
भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित प्रदेश के 34 जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा। इन क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उसके आसपास रहने की संभावना है।
टीकमगढ़, नर्मदापुरम और श्योपुर में बारिश
गुरुवार को नर्मदापुरम और श्योपुर में दिन के समय बारिश दर्ज की गई। वहीं ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग के कई हिस्सों में बादल और तेज हवाओं का असर रहा। शाम के समय टीकमगढ़ में तेज बारिश हुई।
आंधी और बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 39.3 डिग्री, इंदौर में 39.9 डिग्री, जबलपुर में 40.1 डिग्री और उज्जैन में 41 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
नरसिंहपुर सबसे गर्म, रीवा सबसे ठंडा
नरसिंहपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम, धार, नर्मदापुरम, खरगोन, खंडवा और श्योपुर में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा।
वहीं रीवा में सबसे कम 33.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। सतना और सीधी में 34.2 डिग्री, नौगांव में 34.6 डिग्री, दतिया और टीकमगढ़ में 35 डिग्री, खजुराहो में 35.2 डिग्री और पचमढ़ी में 35.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।टीकमगढ़, नर्मदापुरम और श्योपुर में शाम तक बारिश का दौर जारी रहा, जबकि देर रात तक प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदला हुआ बना रहा।