दिल्ली पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए मध्यप्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनका संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़ा बताया जा रहा है। यह कार्रवाई देश की सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर और टीकमगढ़ से गिरफ्तारी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्वालियर (डबरा) निवासी राजवीर और विवेक बंजारा तथा टीकमगढ़ का अनमोल राय शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन तीनों को ग्वालियर और टीकमगढ़ से हिरासत में लिया गया है।
दिल्ली में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस की जांच में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी दिल्ली के एक प्रमुख मंदिर, सैन्य कैंप और एक ढाबे को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।
मोबाइल और ईमेल से मिले अहम सबूत
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से कई संदिग्ध नंबर, ऑडियो और वीडियो कॉल रिकॉर्ड मिले हैं। इसके अलावा कुछ संदिग्ध ईमेल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इन ईमेल्स के जरिए भारत के संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें पाकिस्तान भेजी गई थीं।
पाकिस्तान आधारित मॉड्यूल से संपर्क
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान में सक्रिय शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े हुए थे, जो वहीं से संचालित किया जा रहा था। इसी नेटवर्क के जरिए इन्हें निर्देश दिए जा रहे थे।
गरीब परिवार से जुड़े हैं आरोपी
तीनों आरोपी गरीब परिवारों से संबंध रखते हैं और पहले दिल्ली में मजदूरी भी कर चुके हैं। इसी दौरान इनका संपर्क इस नेटवर्क से हुआ और वे धीरे-धीरे इसमें शामिल हो गए।सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं ताकि इसके अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा सके।