भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं में भारतीयता के तत्व का विकास करना बेहद जरूरी है। देश की आजादी अमूल्य बलिदानों का परिणाम है और इसे हासिल करने के साथ-साथ कायम रखने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज जरूरत है कि युवा अपनी संस्कृति, अध्यात्म, लोकतंत्र और भारतीय ज्ञान परंपरा को समझें और अपनी नेतृत्व क्षमता से देश के विकास में योगदान दें। तोमर उज्जैन में संस्था आईआईएमयूएन (IIMUN) द्वारा आयोजित उज्जैन कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
आजादी के मूल्य और बलिदान को समझें युवा
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हमें आजादी का मूल्य समझना चाहिए। आदिगुरु शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद, रानी लक्ष्मीबाई, शहीद भगत सिंह, राजगुरु और अशफाक उल्ला खां जैसे महान व्यक्तित्वों ने कम उम्र में ही देश और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों ने अपनी उम्र और व्यक्तिगत जीवन की चिंता किए बिना देश की आजादी के लिए बलिदान दिया। वे हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर चढ़ गए। युवाओं को उनके त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेते हुए स्वतंत्रता के महत्व को समझना चाहिए।
युवाओं को समझना होगा वोट और लोकतंत्र का महत्व
नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि युवा पीढ़ी को लोकतंत्र में अपनी सरकार चुनने की ताकत और अपने एक-एक वोट के महत्व को समझना चाहिए। लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। युवाओं की इसमें सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को भारतीय अध्यात्म, लोकतांत्रिक मूल्यों और ज्ञान परंपरा से जोड़ना होगा, ताकि वे अपने संकल्प और प्रयासों से विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बन सकें।

'जेन जी' नहीं, 'तरुण भारत' से आएगी सकारात्मक ऊर्जा
जेन जी (Gen Z) के संदर्भ में विचार व्यक्त करते हुए नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जेन जी एक मैकेनिकल शब्द है। इस शब्द में युवाओं की ऊर्जा और प्राण का वैसा अनुभव नहीं होता, जैसा 'तरुण भारत' कहने से होता है। तरुण भारत शब्द अपने आप में सकारात्मक भाव पैदा करता है। उन्होंने कहा कि भारत में युवाओं की बड़ी आबादी है, लेकिन केवल युवाओं की संख्या अधिक होना महत्वपूर्ण नहीं है। असली सवाल यह है कि उनकी ऊर्जा और क्षमता को देश के विकास की शक्ति कैसे बनाया जाए।
2003 के बाद मध्यप्रदेश ने हर क्षेत्र में की तरक्की
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2003 के बाद मध्यप्रदेश ने बिजली, सिंचाई, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश ने विकास के कई महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किए हैं। अब समय है कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के अगले चरण में नेतृत्व निर्माण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके लिए युवाओं को अवसर, सही दिशा और अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना होगा।
नेतृत्व का मतलब सिर्फ सांसद या विधायक बनना नहीं
नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि नेतृत्व विकास का अर्थ केवल राजनीतिक नेतृत्व तैयार करना नहीं है। जरूरी है कि युवा जिस भी क्षेत्र में जाएं, वहां अपनी योग्यता, क्षमता और नेतृत्व कौशल से बेहतर परिणाम दे सकें। उन्होंने कहा कि युवा राजनीति, शिक्षा, व्यापार, विज्ञान, तकनीक या किसी अन्य क्षेत्र में काम करें, उनमें अपने कार्यक्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की क्षमता होनी चाहिए। यह तभी संभव है जब वे भारतीयता के मूल तत्वों को समझेंगे और अपने मूल्यों से जुड़े रहेंगे।