निवाड़ी: निवाड़ी जिले के ओरछा स्थित प्रसिद्ध श्रीरामराजा मंदिर के खजाने को लेकर फैल रही खबरों पर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। प्रशासन ने खजाने का ताला तोड़ने, बिना अनुमति खजाना खोलने और सामग्री के साथ छेड़छाड़ किए जाने की खबरों को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। प्रशासन के मुताबिक, खजाने का ताला डबल लॉक में पूर्ववत सुरक्षित है और उसमें रखी किसी भी सामग्री के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। खजाने के कक्ष का केवल प्रारंभिक निरीक्षण निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया था।
खजाने का ताला सुरक्षित, किसी सामग्री से छेड़छाड़ नहीं
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रीरामराजा मंदिर के खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण विधिवत प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया था। इस दौरान न तो ताले को कोई नुकसान पहुंचाया गया और न ही किसी तरह का अनधिकृत हस्तक्षेप हुआ।निरीक्षण के बाद खजाने के कक्ष को दोबारा विधिवत बंद कर दिया गया। खजाने का ताला पहले की तरह सुरक्षित है और अंदर रखी किसी भी वस्तु के साथ छेड़छाड़ नहीं की गई है।
वर्ष 2017 में हुआ था खजाने का अंतिम सत्यापन
प्रशासन के अनुसार, श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का अंतिम सत्यापन वर्ष 2017 में किया गया था। उस समय तक की संधारित सामग्री को निर्धारित व्यवस्था के तहत डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया है।वर्ष 2017 के बाद श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर में अर्पित की गई नई सामग्री और बहुमूल्य वस्तुओं का अलग रिकॉर्ड तैयार किया जाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से नई सामग्री का उपलब्ध अभिलेखों से मिलान, सत्यापन और पंजीयन करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।प्रशासन का कहना है कि इस पूरी कवायद का उद्देश्य मंदिर की संपत्ति का उचित संरक्षण और प्रत्येक वस्तु का प्रमाणिक रिकॉर्ड तैयार करना है।
कलेक्टर ने बनाई छह सदस्यीय जांच समिति
खजाने के सत्यापन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर एवं श्रीरामराजा मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष जमुना भिंडे ने छह सदस्यीय जांच दल का गठन किया है।समिति ने बैठक के बाद खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण किया। इस दौरान आगामी सत्यापन के लिए जरूरी व्यवस्थाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता तथा कार्ययोजना का आंकलन किया गया।खजाने का विस्तृत सत्यापन गठित जांच दल द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी होने और अनुकूल समय निर्धारित किए जाने के बाद किया जाएगा।
पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी, पंचनामा भी तैयार
प्रशासन के मुताबिक, खजाने के कक्ष के प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान पूरी कार्रवाई की लगातार वीडियोग्राफी कराई गई। इसके साथ ही विधिवत पंचनामा भी तैयार किया गया।यह प्रक्रिया मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित रामाकांत दीक्षित की मौजूदगी में पूरी की गई। इस दौरान ओरछा तहसीलदार, जो मंदिर प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक भी हैं, उपस्थित रहे।निरीक्षण पूरा होने के बाद कक्ष को विधिवत बंद कर दिया गया और ताले को पूर्ववत सुरक्षित रखा गया।
मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता
प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में ओरछा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर की नियमित व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।इसी वजह से खजाने का विस्तृत सत्यापन आवश्यक तैयारियां पूरी करने और अनुकूल समय तय करने के बाद कराया जाएगा।
मंदिर में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा, अभिलेख होंगे कंप्यूटरीकृत
श्रीरामराजा मंदिर की व्यवस्थाओं को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड और बारकोड के जरिए गूगल पे, फोनपे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा राजभोग, प्रसाद और पोशाक की रसीद एवं बुकिंग की सुविधा भी ऑनलाइन उपलब्ध है।मंदिर में मिलने वाली चढ़ोतरी और दान को भी डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ा गया है। मंदिर के भुगतान पहले ही ऑनलाइन किए जा चुके हैं। अब आय-व्यय और अन्य अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।इससे दान राशि के सत्यापन, प्रविष्टि और रिकॉर्ड संधारण की व्यवस्था अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि श्रीरामराजा मंदिर की संपत्ति की सुरक्षा और श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान का उचित रिकॉर्ड रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि खजाने का ताला तोड़ने या सामग्री के साथ छेड़छाड़ किए जाने जैसी अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें। मंदिर से जुड़ी सभी प्रशासनिक कार्यवाहियां निर्धारित प्रक्रिया और पारदर्शिता के साथ की जा रही हैं।