भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज एयरपोर्ट में लैंडिंग सिस्टम को लेकर देशव्यापी ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस प्रशिक्षण में देशभर के विभिन्न एयरपोर्ट से पहुंचे अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
लैंडिंग सिस्टम पर देशभर के अधिकारियों को प्रशिक्षण
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी के अनुसार राजा भोज एयरपोर्ट अब देश में एविएशन सिक्योरिटी और टेक्निकल ट्रेनिंग के बड़े केंद्र के रूप में तेजी से पहचान बना रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा संचालित यह आधुनिक एविएशन सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से मान्यता प्राप्त है।
अब तक 2956 से अधिक प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग
यहां प्रशिक्षुओं को इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (ICAO) के मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दिसंबर 2023 में शुरू हुए इस ट्रेनिंग सेंटर में अब तक 2956 से अधिक प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग दी जा चुकी है।
इस सेंटर में सीआईएसएफ, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया तथा कार्गो स्टाफ को सुरक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि आने वाले समय में यह संस्थान देश के प्रमुख एविएशन ट्रेनिंग हब के रूप में स्थापित होगा।