उज्जैन। बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन सोमवार देर रात अपनी बेटी और अभिनेत्री राशा टंडन के साथ भगवान महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचीं। इस बार उनके साथ बेटा भी मौजूद था। रवीना ने महाकाल मंदिर में शयन आरती में हिस्सा लिया और नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की आरती की। दर्शन के बाद उन्होंने कहा, महाकाल बाबा ने बुलाया है, तो कैसे नहीं आना होगा।
बेटे के साथ पहली बार पहुंचीं महाकाल के दरबार
रवीना टंडन ने बताया कि वह पहले भी कई बार महाकाल मंदिर आ चुकी हैं। बेटी राशा के साथ उनके 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन भी पूरे हो चुके हैं। इस बार उनके लिए खास बात यह रही कि उनका बेटा भी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने साथ आया।इस दौरान उनके कुछ रिश्तेदार और दोस्त भी मौजूद रहे। रवीना ने कहा कि महाकाल के दरबार में बार-बार आने का मन करता है। यहां पहुंचकर उन्हें अलग ही ऊर्जा महसूस होती है।
अभिनेत्री ने बताया कि फ्लाइट से सफर करने के बावजूद वह शयन आरती के समय मंदिर पहुंच गईं। उन्होंने इसे बाबा महाकाल की कृपा बताया। रवीना के मुताबिक, जब बाबा ने बुलाया है, तो उनके दरबार में आने से कैसे मना किया जा सकता है।
डमरू और ढोल की गूंज से भक्तिमय हो जाता है माहौल
रवीना टंडन ने महाकाल मंदिर की शयन आरती के माहौल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आरती शुरू होते ही डमरू और बड़े ढोल की आवाज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है। इस दौरान भक्तों के चेहरों पर खुशी और आनंद दिखाई देता है।