भोपाल। मध्यप्रदेश के रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी रघुवीर सिंह मीणा के खिलाफ फर्जी जाति प्रमाण पत्र के इस्तेमाल के आरोप में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मुख्यालय की सतर्कता शाखा की जांच के बाद यह कार्रवाई हुई है। उनकी पत्नी ममता मीणा बीजेपी की पूर्व विधायक रह चुकी हैं।
OBC सर्टिफिकेट से शिक्षक, ST प्रमाण पत्र से DSP बनने का आरोप
रघुवीर सिंह मीणा पर आरोप है कि उन्होंने अलग-अलग सेवाओं में चयन के लिए अलग-अलग जाति प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल किया। शिक्षक बनने के दौरान उन्होंने OBC वर्ग का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था। इसके बाद MPPSC परीक्षा में खुद को ST वर्ग का बताकर DSP पद पर चयन हासिल करने का आरोप है।
पुलिस मुख्यालय की जांच के बाद FIR
गुना निवासी हरवीर सिंह रघुवंशी की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई। छानबीन समिति की जांच में कथित ST प्रमाण पत्र के विदिशा से जारी होने की बात सामने आई। प्रमाण पत्र जारी करने वाले कर्मचारी और रघुवीर सिंह मीणा के मूल निवासी होने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर दर्ज मामले में धोखाधड़ी, साजिश, गलत दस्तावेजों के इस्तेमाल और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं।
1986 में DSP चयन, 2001 में IPS अवॉर्ड
रघुवीर सिंह मीणा का वर्ष 1986 में DSP पद पर चयन हुआ था। इसके बाद वर्ष 2001 में उन्हें IPS अवॉर्ड मिला। अब जाति प्रमाण पत्र से जुड़े आरोपों के चलते उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हुई है।
पत्नी ममता मीणा रह चुकी हैं बीजेपी विधायक
रघुवीर सिंह मीणा की पत्नी ममता मीणा वर्ष 2013 से 2018 तक गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक रही हैं। वर्तमान में वह गुना जिला पंचायत की सदस्य हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी से टिकट नहीं मिला था।