बीजेपी ने इस बार राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा का टिकट काट दिया है। टिकट कटने वाले सवाल पर उन्होंने कहा कि, भाजपा बाकी पार्टियों से अलग है। यहां पर टिकट काटे नहीं जाते, बल्कि विश्राम दिया जाता है। संघटनात्मक तौर पर हम मजबूत हैं। कार्यकर्ता काफी संतोषी और चीजों को समझने वाले हैं। बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि, हमारे यहां कोई आपस में मतभेद नहीं है। हमारे यहां चेहरे पर नहीं बल्कि कमल के निशान पर चुनाव लड़ा जाता है।
कांग्रेस और सपा पर बीजेपी नेता का तंज
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच हुए लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन पर तंज कसते हुए बीजेपी नेता दिनेश शर्मा ने कहा कि, यह दोनों पार्टियां अपने परिवार को आगे बढ़ाने के लिए एक हुई हैं। चुनाव के बाद तो इनकी आपस में बात भी नहीं होगी। पहले भी गठबंधन करते रहे हैं, टूटते रहे हैं। यह भी ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। दिनेश शर्मा ने आगे कहा कि, यह सब यूपी से भाग जाएंगे। राहुल और प्रियंका दोनों यहां से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे।
इलेक्टोरल बॉन्ड पर क्या बोले दिनेश शर्मा?
पत्रकारों से चर्चा में बीजेपी सांसद ने कहा कि, इलेक्टोरल बांड एक नियम के तहत दिया जाता है। हमारे हिस्से में जितना था वह हमें मिला। उन्होंने कहा कि, 20000 करोड़ के इलेक्टोरल बांड बांटे गए। बीजेपी कभी भी किसी मामले में पीछे नहीं रहती। इसके अलावा बीजेपी नेता दिनेश शर्मा ने कहा कि, हमारी सरकार किसी को भी ईडी सीबीआई का डर नहीं दिखाती है, जो लोग भ्रष्टाचारी हैं उनके साथ छोड़कर। उन्होंने कहा कि, अगर कोई हमारी पार्टी में आ रहा है तो उनका स्वागत है, हमने किसी पर दबाव नहीं बनाया।
Comments (0)