भारतीय निर्वाचन आयोग आज महाराष्ट्र और झारखंड का चुनावी तारीखों का ऐलान करेगा। इसी के साथ दोनों राज्यों में चुनावी बिगुल बज जाएगा। दोपहर करीब 3.30 बजे ईसी की प्रेस कॉन्फ्रेस है। निर्वाचन आयोग ने पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी। ईसी के पत्र के मुताबिक आयोग राजधानी दिल्ली के विज्ञान भवन में दोपहर 3.30 बजे प्रेस कांफ्रेंस होगी, जिसमें चुनाव और मतगणना की तारीखों का ऐलान होगा। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों और झारखंड में 81 सीटों पर मतदान होना है।
मेरी दाढ़ी को हल्के में मत लेना...
चुनाव आयोग की तारीख का ऐलान करने से पहले ही महाराष्ट्र की सियासत में जुबानी जंग शुरू हो गई है। सीएम एकनाथ शिंदे ने अपने पुराने साथी उद्धव ठाकरे और महाविकास अघाड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि, मेरी दाढ़ी को हल्के में मत लेना। इस दाढ़ी ने महाविकास अघाड़ी को गड्ढे में डालने का काम किया है। उन्होंने आगे कहा कि, ऐसा करने के लिए जिगर लगता है।
साल 2022 में शिंदे ने बीजेपी के साथ सरकार बनाई
आपको बता दें कि, साल 2022 में महाराष्ट्र के राजनीतिक संकट के बाद एकनाथ शिंदे ने 40 विधायकों के साथ बीजेपी के साथ सरकार बनाई थी। इसके बाद एकनाथ शिंदे नए मुख्यमंत्री बने थे। वहीं साल 2023 के राजनीतिक संकट के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का अजित पवार गुट भी शिंदे सरकार में शामिल हो गया था।
महायुति गठबंधन ने 7 सीटों पर नाम भेजे हैं
इधर महायुति गठबंधन ने विधान परिषद की राज्यपाल कोटे की खाली पड़ी सीटों को भरने के लिए 7 नाम भेजे हैं। इन 7 नामों में से बीजेपी की तरफ से 3, शिंदे सरकार की तरफ से 2 और अजित पवार की एनसीपी की तरफ से 2 नाम भेजे गए हैं। बता दें कि, बीजेपी की तरफ से चित्रा वाघ, विक्रांत पाटील और पोहोरा देवी के धर्मगुरु बाबू सिंह महाराज राठौड़ का नाम भेजा गया है। जबकि, शिवसेना शिंदे गुट से पूर्व सांसद हेमंत पाटील और शिवसेना प्रवक्ता मनीषा कायंदे का नाम राज्यपाल को नियुक्ति के लिए भेजा गया है।
राज्यपाल ने 7 नामों को मंजूरी दे दी है
वहीं अजित गुट की एनसीपी पार्टी की तरफ से इद्रीस नायकवडी और पंकज भुजबल का नाम भेजा गया है। इसके साथ ही राज्यपाल ने 7 नामों को मंजूरी दे दी है। इसी के साथ आज (15 अक्टूबर) दोपहर 12 बजे उप सभापति नीलम गोर्हे के चेंबर में शपथ ग्रहण समारोह होगा। साथ ही बाकी की 5 सीटों को खाली रखा गया है।
Comments (0)