दिल्ली में चुनाव प्रचार अब आखिरी चरण में पहुंच चुका है तो वहीं जुबानी जंग भी तीखी हो चली है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को नॉर्थ ईस्ट दिल्ली सीट से बीजेपी के प्रत्याशी मनोज तिवारी पर निशाना साधा। केजरीवाल ने मनोज का नाम लिए बिना कहा कि, रिंकिया के पापा को हराना है। वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केजरीवाल के इस बयान पर अब बीजेपी उम्मीदवार मनोज तिवारी ने पलटवार किया है।
अरविंद केजरीवाल मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं
मनोज तिवारी ने कहा कि, अरविंद केजरीवाल मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। वो चारित्रिक रूप से भी दिवालिया हो चुके हैं। बीजेपी उम्मीदवार ने इल्जाम लगाया कि, सीएम केजरीवाल जेल से बाहर आने के बाद महिलाओं का अपमान करते हैं, महिला की पिटाई करवाते हैं। इसके साथ ही बीजेपी नेता तिवारी ने आगे कहा कि, वो पीटने वाली महिला के हक़ में नहीं हैं, वो मारने वाले के हक में है। वो देश के टुकड़े-टुकड़े करने वाले के पक्ष में प्रचार करने आए हैं।
मनोज तिवारी ने केजरीवाल को महिला विरोधी बताया
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली सीट से बीजेपी के प्रत्याशी ने सीएम केजरीवाल को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि, रिंकिया के पापा का अर्थ बेटी का पिता और वो (केजरीवाल) बेटी के पिता समर्थक नहीं हैं। वो बेटी के पिता को जीतते हुए नहीं देख सकते। इसके अलावा मनोज तिवारी ने कहा कि, 'रिंकिया के पापा को पराजित करना है', ये बहुत खतरनाक लाइन है। तिवारी ने आप नेता केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि, एक बेटी को तो मारा ही है, अब कहते हैं- एक बेटी के पिता को हराना है। हम चाहते हैं कि, रिंकिया के पापा जीतें। मनोज ने कहा कि, पन्नू के आरोप की चर्चा करते हुए कहा कि यह कितना सही लगता है। केजरीवाल ने पन्नू से देश के टुकड़े-टुकड़े करने की डील की है।
Comments (0)