पीएम मोदी आज सोमवार को चुनाव प्रचार करने के लिए छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि, आजादी के बाद दशकों तक गरीब की जरूरतों को कांग्रेस की सरकारों ने नजरअंदाज किया। कांग्रेस ने कभी गरीबी की चिंता नहीं की, उसकी परेशानियों को नहीं समझा।
2014 से पहले लाखों करोड़ों रुपये के घोटाले होते थे
बस्तर में कांग्रेस पर बरसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस परिवार के अमीरों को कभी महंगाई का मतलब समझ ही नहीं आया। 2014 से पहले लाखों करोड़ों रुपये के घोटाले होते थे। कांग्रेस की सरकार में दिल्ली से एक रुपया निकलता था और सिर्फ 15 पैसे गांव में पहुंचते थे। बीच में कांग्रेस 80 पैसे खुद लूट लेती थी। इसके साथ ही उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, मैंने कांग्रेस की लूट की इस व्यवस्था को बंद कर दिया है। बीजेपी सरकार ने अपने 10 साल में 34 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजे हैं। आजादी के बाद से कांग्रेस समझती थी कि उसे देश को लूटने का लाइसेंस मिला हुआ है।
कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई हो रही है
पीएम ने आगे कहा कि, 2014 में सरकार में आने के बाद मोदी ने कांग्रेस की लूट का लाइसेंस ही कैंसिल कर दिया है। मोदी ने जब घोटालेबाजों का रास्ता रोका, जब बिचौलियों की कमाई बंद की, तबसे इनका ( कांग्रेस ) पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। ये मोदी पर भड़के हुए हैं। बस्तर में अपनी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर आज कड़ी कार्रवाई हो रही है। यहां के युवाओं को जिन्होंने धोखा दिया है, उनकी तेजी से जांच चल रही है।
भ्रष्टाचारियों को जेल जाना ही पड़ेगा
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, अब नाराज होकर ये ( कांग्रेस ) लाठी से मोदी का सिर फोड़ने की धमकी दे रहे हैं। मोदी गरीब का बेटा है, सिर ऊंचा रखकर चलता है, मैं इनकी धमकियों से डरने वाला नहीं हूं। देश के मुखिया ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, मोदी के लिए तो मेरा भारत, मेरा परिवार है। मैं अपने देश को, अपने परिवार को लूटपाट से बचाने में जुटा हूं। ये मोदी को कितनी भी धमकियां दे दें, भ्रष्टाचारियों को जेल जाना ही पड़ेगा। ये मोदी की गारंटी है।
पीएम ने कांग्रेस को बताया शाही परिवार
छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, 500 साल बाद ये सपना पूरा हुआ, तो इसकी सबसे अधिक खुशी प्रभु राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ को होना बहुत स्वाभाविक है, लेकिन कांग्रेस और INDI गठबंधन राम मंदिर बनने से बहुत नाराज हैं। पीएम ने कहा कि, कांग्रेस के शाही परिवार ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता ठुकरा दिया। उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस के जिन नेताओं ने इस कदम को गलत बताया, उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया। ये दिखाता है कि कांग्रेस तुष्टिकरण के लिए किसी भी हद को पार कर सकती है।
Comments (0)