नई दिल्ली- दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन स्थल पहुंचकर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने समर्थकों के साथ मंच से घोषणा करते हुए कहा कि आंदोलन जारी रहेगा और 20 जुलाई को इसके समर्थन में एक बड़ा मार्च भी निकाला जाएगा।
'आज से मैं अनशन शुरू कर रहा हूं'
जंतर-मंतर पहुंचे अभिजीत दीपके ने कहा कि वह शनिवार से भूख हड़ताल पर बैठ रहे हैं। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में आंदोलन से जुड़ने की अपील की और कहा कि उनकी लड़ाई शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगी। दीपके ने बताया कि आंदोलन को और व्यापक बनाने के लिए 20 जुलाई को मार्च आयोजित किया जाएगा।
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई दिल्ली पुलिस
इस बीच, पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल ले गई। पुलिस के मुताबिक, लगातार अनशन के कारण उनकी सेहत बिगड़ रही थी, इसलिए हाई कोर्ट के निर्देश और मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर यह कदम उठाया गया।
सफदरजंग अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
सूत्रों के अनुसार, सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, वह होश में हैं और उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर (वाइटल्स) फिलहाल स्थिर हैं।
डीसीपी ने बताई कार्रवाई की वजह
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश, मेडिकल सलाह और सोनम वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से की गई तथा प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।
जंतर-मंतर पर जारी है आंदोलन
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद भी जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी है। अब अभिजीत दीपके के अनशन के ऐलान से इस प्रदर्शन को नया राजनीतिक और सामाजिक आयाम मिलने की संभावना जताई जा रही है।