अहमदाबाद- गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। आग लगने के बाद फैक्ट्री में रखे विस्फोटक पदार्थों में लगातार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, इसके बावजूद वहां उत्पादन जारी था।
टैलेंट पटाखा फैक्ट्री में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद के मेहमदपुरा स्थित टैलेंट पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की वजह से फैक्ट्री में रखे पटाखों और अन्य विस्फोटक सामग्री में तेज धमाके होने लगे। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
कई मीटर ऊंचा उठा धुएं का गुबार
भीषण आग के चलते फैक्ट्री से उठता धुएं का विशाल गुबार कई सौ मीटर ऊंचाई तक दिखाई दिया। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
15 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, राहत एवं बचाव अभियान जारी है और आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अन्य लोग भी फंसे हो सकते हैं।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस और प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री संचालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।