चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली और मॉक पार्लियामेंट को लेकर उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसा। अमित शाह ने कहा कि अगर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनना है तो उन्हें ऐसे ही मॉक पार्लियामेंट करते रहना चाहिए, लेकिन उनका नंबर आने वाला नहीं है। शाह रविवार को चंडीगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पंजाब में NDA की सरकार बनाने का दावा भी किया।
'प्रधानमंत्री बनना है तो मॉक पार्लियामेंट करते रहिए'
अमित शाह ने रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "मैं राहुल गांधी जी से कहना चाहता हूं कि आपको अगर प्रधानमंत्री बनना है तो ऐसे ही मॉक पार्लियामेंट करते रहिए। आपका नंबर नहीं लगने वाला है।"उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली में पिछले तीन चुनावों में कांग्रेस का खाता नहीं खुला है।
पंजाब में NDA सरकार बनाने का किया दावा
अमित शाह ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और NDA की तैयारियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में चुनाव आने वाला है और वहां भी NDA की सरकार बनानी है।उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि 1 नवंबर 1984 को हुए दंगों में हजारों सिखों की हत्या हुई थी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।
अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं के अलावा ऐसा कोई नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दंगों से जुड़े मामलों को दोबारा खुलवाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की।
अमित शाह ने दिल्ली में कांग्रेस की महारैली को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस दिन 1984 के सिख विरोधी दंगों की याद जुड़ी है, उसी दिन राजीव गांधी के पुत्र राहुल गांधी ने दिल्ली में महारैली आयोजित की।शाह ने कहा कि कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान से सिर्फ नफरत निकलती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में आयोजित रैली के कारण व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
राहुल गांधी पर संसद नहीं चलने देने का आरोप
गृह मंत्री ने राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद नहीं चलने देते, क्योंकि वे महिलाओं को आरक्षण नहीं दिलवाना चाहते।शाह ने कहा कि सरकार महिलाओं को आरक्षण दिलाकर रहेगी। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता सब कुछ देख रही है और 2029 के लोकसभा चुनाव में हर मुद्दे का हिसाब करेगी।