नई दिल्ली। पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संजीव अरोड़ा का बचाव करते हुए बीजेपी और केंद्रीय एजेंसियों पर बड़ा हमला बोला है।
“मुसीबत में पता चलता है इंसान का चरित्र”
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि,
“किसी भी इंसान का चरित्र मुसीबत के समय पता चलता है। संजीव अरोड़ा ने बीजेपी में जाने के बजाय जेल जाना पसंद किया। उन्हें सलाम।”
केजरीवाल के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।
ईडी ने कई ठिकानों पर की थी छापेमारी
शनिवार (9 मई) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने संजीव अरोड़ा से जुड़े चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर और अन्य स्थानों पर छापेमारी की थी। जांच एजेंसी ने उनके सरकारी आवास समेत कई परिसरों की तलाशी ली। इससे पहले अप्रैल महीने में भी ईडी ने अरोड़ा के ठिकानों पर कार्रवाई की थी।
केजरीवाल का आरोप- एजेंसियों का हो रहा दुरुपयोग
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और तोड़ने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर ईडी वास्तव में मनी लॉन्ड्रिंग रोकने के लिए काम करे तो किसी को आपत्ति नहीं होगी, लेकिन अब एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए हो रहा है।
अशोक मित्तल का भी लिया नाम
AAP प्रमुख ने दावा किया कि हाल ही में अशोक मित्तल के यहां भी ईडी की रेड हुई थी, लेकिन बीजेपी जॉइन करने के बाद उनका मामला शांत हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि संजीव अरोड़ा पर भी बीजेपी में शामिल होने का दबाव बनाया गया था।
“बीजेपी जॉइन कर लेते तो रेड नहीं होती”
केजरीवाल ने कहा कि अगर संजीव अरोड़ा बीजेपी में शामिल हो जाते तो शायद उन्हें दोबारा ईडी की कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने केंद्र सरकार पर पंजाब को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है।