दिसपुर/गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव 2026 के परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि राज्य में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) ने एग्जिट पोल के अनुमानों को पीछे छोड़ते हुए राज्य की 126 सीटों में से 102 पर जीत या बढ़त हासिल कर ली है।
'तीन गोगोई' का फॉर्मूला हुआ फेल
कांग्रेस ने इस बार हिमंत को टक्कर देने के लिए अहोम समुदाय के 'तीन गोगोई' (गौरव गोगोई, अखिल गोगोई और लुरिनज्योति गोगोई) को मैदान में उतारा था। हालांकि, यह त्रिमूर्ति कोई प्रभाव नहीं छोड़ सकी। जोराहट सीट से सांसद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने अपनी जालुकबारी सीट पर लगभग 90,000 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
कैबिनेट मंत्रियों की भी बड़ी जीत
असम सरकार के लगभग सभी प्रमुख मंत्री अपनी सीटें बचाने में सफल रहे हैं:
अतुल बोरा: कृषि मंत्री ने बोकाखाट सीट से 60,000 से अधिक वोटों से जीत हासिल की।
अजंता नियोग: वित्त मंत्री ने गोलाघाट सीट से 43,759 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
पीयूष हजारिका: जागीरोड सीट से जीतकर चौथी बार विधायक बने हैं।
क्षेत्रीय समीकरणों में एनडीए का दबदबा
बीजेपी ने ऊपरी असम (Upper Assam) में एकतरफा जीत हासिल की है। बराक घाटी की 13 सीटों में से 8 पर एनडीए आगे है, जबकि बोडोलैंड क्षेत्रीय क्षेत्र (BTR) की 15 सीटों पर भी एनडीए का कब्जा रहा है।राज्य बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने इस जीत का श्रेय पिछले 10 वर्षों के सुशासन और 2021 के चुनावी वादों को पूरा करने को दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री हिमंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को धन्यवाद देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भी बीजेपी की जीत से पूर्वोत्तर भारत अब अधिक सुरक्षित होगा।