हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बुधवार देर रात चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार 7 लोगों की मौत हो गई। मृतक सभी एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
काकड़ोथा गांव से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन (HP-01C-2581) ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव का था। गांव के कुछ लोग पास के काकड़ोथा गांव में आयोजित एक बच्चे के मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग देर रात बोलेरो में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान छतरूंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भयानक कि उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। खाई में गिरते ही बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने बाद में दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने अंधेरे में शुरू किया राहत कार्य
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने अंधेरे में ही खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
क्रैश बैरियर नहीं होने पर लोगों में नाराजगी
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क किनारे सुरक्षा के लिए क्रैश बैरियर नहीं लगाए गए थे। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यदि सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते तो वाहन को खाई में गिरने से रोका जा सकता था और कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
चंबा के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य पूरा कर लिया है। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पूरे इलाके में शोक की लहर
एक ही गांव के सात लोगों की मौत की खबर से महल गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण इस हादसे को लेकर गहरे सदमे में हैं।