ग्रेटर नोएडा- लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान किया है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित 'मिराकी' कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। इसके लिए राज्य इकाई जल्द ही केंद्रीय संसदीय बोर्ड को औपचारिक प्रस्ताव भेजेगी।
403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है और सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी राज्य में मजबूत प्रदर्शन करेगी।
गठबंधन पर फैसला अभी बाकी
एनडीए या अन्य किसी गठबंधन के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि फिलहाल इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में पार्टी नेतृत्व तय करेगा कि चुनाव गठबंधन के साथ लड़ा जाएगा या अकेले।
'बिहार जैसा प्रदर्शन यूपी में भी करेंगे'
चिराग पासवान ने दावा किया कि जिस तरह बिहार में पार्टी ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी लोजपा (रामविलास) बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।
देशभर में संगठन विस्तार की रणनीति
चिराग पासवान ने बताया कि लोजपा (रामविलास) केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगी। पार्टी पंजाब और उत्तराखंड के आगामी चुनावों में भी सक्रिय भागीदारी करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हाल ही में दो बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जबकि उत्तराखंड में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और पंजाब में भी कार्यक्रम तय किए गए हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रहा संगठन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी की मौजूदगी अब कई राज्यों में है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड और नागालैंड में पार्टी के विधायक हैं, जबकि अरुणाचल प्रदेश और दमन एवं दीव में भी संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब पूरे देश में संगठन विस्तार की रणनीति पर तेजी से काम किया जा रहा है।