नई दिल्ली- दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को रविवार को थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, बारिश के बावजूद उमस का असर बना रह सकता है।
तापमान में आई हल्की गिरावट
शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.8 डिग्री कम है। तापमान में मामूली गिरावट से लोगों को कुछ राहत महसूस हुई है।
आज हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है। सुबह के समय करीब 76 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई, जबकि बारिश की संभावना लगभग 6 प्रतिशत बताई गई है। दोपहर के बाद बारिश की संभावना बढ़कर 25 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। हवाएं लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है।
अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक रहने का अनुमान
आईएमडी के मुताबिक, रविवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम में नमी का स्तर करीब 65 प्रतिशत तक रह सकता है, जिससे उमस बनी रहने के आसार हैं।
अन्य मौसम केंद्रों का हाल
दिल्ली के पालम मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 29.2 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।