नई दिल्ली- दिल्ली-एनसीआर में मानसून की धीमी रफ्तार के बीच लोगों को लगातार गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार (20 जुलाई) के लिए हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के अनुसार सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। दोपहर और शाम के समय भी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटे में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
रविवार को कैसा रहा मौसम?
रविवार (19 जुलाई) को दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं पालम में 37.6 डिग्री, अयानगर में 37.2 डिग्री, लोधी रोड में 36.7 डिग्री और रिज क्षेत्र में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में लगभग एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।
5 साल की सबसे गर्म जुलाई की रात
आईएमडी के अनुसार रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले पांच वर्षों में जुलाई महीने की सबसे गर्म रात रही। इससे पहले 1 जुलाई 2021 को न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।